छठ पूजा के अवसर पर 16 नवंबर को दिल्ली मेट्रो सुबह 4:30 बजे से सेवाएं शुरू करेगी
नई दिल्ली, 15 नवंबर (आईएएनएस)। छठ पूजा-2026 के उषा अर्घ्य पर्व के उपलक्ष्य में श्रद्धालुओं की सुगम आवाजाही के लिए दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) सभी टर्मिनल स्टेशनों से सामान्य समय सुबह 6 बजे के बजाय सुबह 4:30 बजे से मेट्रो सेवाएं शुरू करेगा। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने रविवार को बताया कि नियमित राजस्व सेवाएं शुरू होने तक सभी लाइनों पर मेट्रो सेवाएं निर्धारित समय सारिणी के अनुसार 15 मिनट के अंतराल पर चलेंगी।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी दिल्ली मेट्रो की विस्तारित सेवा समय सारिणी के बारे में जानकारी साझा की। उन्होंने फेसबुक पर एक पोस्ट में लिखा, “कल, 16 नवंबर को, उषा अर्घ्य के पवित्र अवसर पर दिल्ली मेट्रो सुबह 4:30 बजे से चलना शुरू करेगी। सुबह के समय सभी लाइनों पर हर 15 मिनट में ट्रेनें उपलब्ध रहेंगी।
उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने यह व्यवस्था इसलिए की है ताकि छठी मैया की पूजा करने जा रही हमारी माताओं, बहनों, बुजुर्गों और लाखों श्रद्धालुओं को घाटों तक पहुंचने में कोई कठिनाई न हो।
रेखा गुप्ता ने कहा कि हम हर छोटी-बड़ी सुविधा का पूरा ध्यान रख रहे हैं। किसी भी छठ श्रद्धालु की पूजा में कोई बाधा नहीं आनी चाहिए, हर परिवार समय पर घाट पहुंचे और आदरपूर्वक सूर्योदय मैया को अर्घ्य दे।
मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं को सोमवार को आईटीओ के पास यमुना घाट पर छठ प्रार्थना में शामिल होने का निमंत्रण भी दिया।
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “कल मुझे हाथी घाट पर छठ व्रत रखने वाली अपनी बहनों के साथ सूर्योदय में मैया को अर्घ्य देने का सौभाग्य होगा।"
उन्होंने आगे लिखा, “इस बार हमारी सरकार ने दिल्ली भर में छठ पर्व के लिए पहले से भी अधिक सुंदर और भव्य व्यवस्था की है, ताकि हर परिवार पूरी श्रद्धा और आनंद के साथ छठी मैया की पूजा कर सके। आप सभी सादर आमंत्रित हैं। आइए, हम सब मिलकर छठी मैया का आशीर्वाद प्राप्त करें।”
--आईएएनएस
एमएस/
