Aapka Rajasthan

छठ महापर्व को लेकर भागलपुर प्रशासन मुस्तैद, डीएम-एसएसपी ने घाटों का किया निरीक्षण

भागलपुर, 12 नवंबर (आईएएनएस)। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित वातावरण में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। जिलाधिकारी श्रीमती अलंकृता पांडे एवं वरीय पुलिस अधीक्षक श्री प्रमोद कुमार यादव ने भागलपुर के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था को लेकर की जा रही तैयारियों का जायजा लिया और संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
 

भागलपुर, 12 नवंबर (आईएएनएस)। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित वातावरण में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। जिलाधिकारी श्रीमती अलंकृता पांडे एवं वरीय पुलिस अधीक्षक श्री प्रमोद कुमार यादव ने भागलपुर के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था को लेकर की जा रही तैयारियों का जायजा लिया और संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बताया कि छठ पूजा को लेकर जिला प्रशासन की ओर से सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। शहर के सभी प्रमुख घाटों पर साफ-सफाई, बैरिकेडिंग एवं प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। इसके अतिरिक्त अन्य आवश्यक सुविधाओं को उपलब्ध कराने का कार्य भी तेजी से किया जा रहा है। छठ पूजा समितियों के साथ भी जिला प्रशासन का लगातार समन्वय बना हुआ है, ताकि स्थानीय स्तर पर आने वाली समस्याओं का समय रहते समाधान किया जा सके।

उन्होंने कहा कि प्रशासन छठ महापर्व को लेकर पूरी तरह तैयार है। सभी संबंधित विभागों एवं पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है। किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाएगी और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।

महापर्व छठ में महिलाओं एवं छठव्रती महिलाओं की बड़ी भागीदारी को देखते हुए उनकी सुरक्षा एवं सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। जिलाधिकारी ने बताया कि महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए घाटों पर महिला पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की जा रही है। इसके साथ ही पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की भी तैनाती की जाएगी।छठव्रती महिलाओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए घाटों पर चेंजिंग रूम एवं शौचालय की विशेष व्यवस्था की जा रही है। साथ ही पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है, ताकि घाटों एवं आसपास के क्षेत्रों में आने-जाने के दौरान किसी भी महिला अथवा श्रद्धालु को असुरक्षित महसूस न हो।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि घाटों पर पेयजल, बैठने की व्यवस्था और प्राथमिक चिकित्सा की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाए। गहरे पानी वाले स्थानों पर चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं और गोताखोरों की तैनाती की जाए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।वरीय पुलिस अधीक्षक श्री प्रमोद कुमार यादव ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को घाटों एवं आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन और संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही सुगम रहे और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो, इसके लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहेगा। प्रमुख घाटों पर सीसीटीवी से निगरानी, कंट्रोल रूम और सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों की तैनाती की व्यवस्था भी की जा रही है।

--आईएएनएस

एससीएच