चेन्नई स्क्वैश पीएसए चैलेंजर: छह भारतीयों ने क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई
चेन्नई, 12 जुलाई (आईएएनएस)। इंडियन स्क्वैश अकादमी में खेले जा रहे पीएसए चैलेंजर टूर-चेन्नई में भारतीय खिलाड़ियों का प्रदर्शन मिला-जुला रहा। पुरुष वर्ग में दूसरे वरीय सूरज चंद ने कुवैत के अम्मार अल्तामिमी को 6-11, 11-5, 11-5, 11-6 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।
सूरज ने पहला गेम गंवाने के बाद अपने खेल में बेहतरीन सुधार किया और लगातार तीन गेम जीतकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। पुरुष वर्ग में सातवें वरीय ओम सेमवाल ने भी पहला गेम हारने के बाद वापसी करते हुए श्रीलंका के शमील वकील को 7-11, 11-3, 11-6, 11-3 से हराया और अंतिम आठ में प्रवेश किया।
हालांकि, सभी भारतीय खिलाड़ियों को सफलता नहीं मिली। दिवाकर सिंह को कनाडा के चौथे वरीय सलाह एल्टॉर्गमैन ने 11-5, 11-3, 11-2 से हराया, जबकि अयान वजीरल्ली को मलेशिया के वा सेर्न लो के खिलाफ 11-8, 11-5, 11-9 से हार का सामना करना पड़ा।
महिला वर्ग में भी भारतीय खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन किया। आठवीं वरीय उन्नति त्रिपाठी ने पहला गेम हारने के बावजूद शानदार वापसी करते हुए अनन्या नारायणन को 10-12, 11-8, 11-7, 11-4 से मात दी। चौथी वरीय सान्या वत्स ने स्कॉटलैंड की लिसा ऐटकेन को सीधे गेम में हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।
पूजा आरती रघु ने पांचवीं वरीय निरुपमा दुबे को 11-5, 11-8, 8-11, 11-9 से हराकर बड़ा उलटफेर किया। वहीं तीसरी वरीय रथिका सीलन ने अनिका दुबे के खिलाफ पांच गेम तक चले रोमांचक मुकाबले में जीत दर्ज की।
दूसरी ओर, शमीना रियाज को निराशा हाथ लगी। तीसरा गेम आसानी से जीतने के बावजूद वह मलेशिया की थानुसा उथ्रियन के खिलाफ मुकाबला नहीं बचा सकीं और बाहर हो गईं।
अब क्वार्टर फाइनल में सूरज चंद, ओम सेमवाल, रथिका सीलन, सान्या वत्स, उन्नति त्रिपाठी और पूजा आरती रघु पर भारतीय चुनौती टिकी होगी।
--आईएएनएस
पीएके
