चिनाब नदी के पानी को मोड़ने का फैसला सही, पाकिस्तान के खिलाफ कार्रवाई जरूरी: कविंदर गुप्ता
जम्मू, 28 मई (आईएएनएस)। हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविंदर गुप्ता ने केंद्र सरकार के चिनाब नदी के पानी को मोड़ने के फैसले को सही बताया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने सही निर्णय लिया है। इसके साथ ही अपने राज्यों को पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने की दिशा में एक मजबूत कदम है।
हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविंदर गुप्ता ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "पिछली सरकारों की गलतियों को बढ़ा-चढ़ाकर पेश नहीं किया जा सकता। जिस तरह यह मामला सिर्फ पहलगाम तक सीमित नहीं है, उसी तरह पाकिस्तान पहले भी इस तरह के बयान देता रहा है और हमने उसे कड़ा व निर्णायक जवाब दिया है।”
कविंदर गुप्ता ने जोर देकर कहा कि पाकिस्तान भारत की तरफ से खाता है और भारत की ही तरफ से पानी पीता है, फिर भी जिस तरह के बयान देता है, वह बिल्कुल सही नहीं है।
उन्होंने बताया कि पाकिस्तान से निपटने के लिए भारत सरकार एक नई नीति बना रही है, जिसका सभी नागरिकों को समर्थन करना चाहिए।
राज्यपाल ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि इस घटना के बाद पाकिस्तान के रुख को देखते हुए अतीत की गलतियों को दोहराना उचित नहीं होगा।
उन्होंने केंद्र सरकार के नए फैसले की सराहना करते हुए कहा, “यह फैसला बहुत ही बेहतरीन है और इससे निस्संदेह हमारे अपने लोगों को फायदा होगा।
पानी के मुद्दे पर बोलते हुए कविंदर गुप्ता ने पंजाब और हरियाणा जैसे पड़ोसी राज्यों की प्राकृतिक जरूरतों को स्वीकार किया। उन्होंने कहा, “हमारे आस-पास के पड़ोसी राज्यों को पानी की स्वाभाविक जरूरत है। इन राज्यों के बीच पहले से ही समझौते और व्यवस्थाएं मौजूद हैं। भारत के अपने राज्यों को पर्याप्त पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करना केंद्र सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए।
चीन के विस्तारवादी रवैये पर राज्यपाल ने चिंता जताई। उन्होंने कहा, “चीन की नीति विस्तारवादी रही है। चाहे अरुणाचल प्रदेश हो या कोई अन्य क्षेत्र, वह लगातार दावा जताता रहता है। भारत भी उसी अंदाज में उसे मुंहतोड़ जवाब देता आ रहा है।”
गुप्ता ने गलवान घाटी का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां भी चीन ने कार्रवाई करने की हिमाकत की थी, लेकिन भारतीय सैनिक सीमाओं की रक्षा के लिए पूरी तरह तैयार हैं और उन्होंने दुश्मन को मजबूत व निर्णायक जवाब दिया है।
कविंदर गुप्ता ने समग्र सुरक्षा परिदृश्य में केंद्र सरकार की नीतियों का समर्थन किया और कहा कि राष्ट्रीय हितों की रक्षा के लिए सभी को एकजुट रहना चाहिए। उन्होंने विश्वास जताया कि नई नीतियां और फैसले भारत को मजबूत बनाएंगे तथा पड़ोसियों की किसी भी तरह की नापाक हरकत का मुंहतोड़ जवाब देंगे।
बता दें कि केंद्र सरकार ने पाकिस्तान के खिलाफ कड़े रणनीतिक कदम उठाते हुए भारत-पाकिस्तान अंतर्राष्ट्रीय सीमा के 15 किलोमीटर के दायरे में सभी अवैध निर्माणों को गिराने, और चिनाब नदी के पानी को मोड़ने के लिए 2600 करोड़ रुपये की जलविद्युत परियोजनाओं को मंजूरी देने जैसे बड़े फैसले लिए हैं।
--आईएएनएस
एसएके/पीएम
