चेल्सी मुझे हर साल बेहतर बनने और खिताब जीतने के लिए प्रेरित करता है: डैनी वेलबेक
नई दिल्ली, 21 अक्टूबर (आईएएनएस)। चेल्सी फुटबॉल क्लब के स्ट्राइकर डैनी वेलबेक ने चेल्सी के लिए खेलने पर गर्व जताया है। उन्होंने कहा कि प्रीमियर लीग का यह क्लब उन्हें हर साल बेहतर बनने और खिताब जीतने के लिए प्रेरित करता है।
इंग्लैंड के लिए 42 मैच खेल चुके वेलबेक, ब्राइटन एंड होव एल्बियन से चेल्सी में शामिल हुए हैं। उन्होंने 2028 तक के लिए करार किया है। 'जियोस्टार' पर बात करते हुए वेलबेक ने कहा, "इतने बड़े क्लब के लिए खेलना सम्मान की बात है। चेल्सी एक ऐसा क्लब है जो हर साल खिताब जीतने और बेहतर बनने के लिए जोर देता है। यह मेरी सोच से मेल खाता है, क्योंकि मैं भी हर दिन खुद को बेहतर बनाने और आगे बढ़ने की कोशिश करता रहता हूं। यहां का स्तर बहुत ऊंचा है, और एक खिलाड़ी के तौर पर आप यही तो चाहते हैं।"
उन्होंने आगे कहा, "यहां आप बेहतरीन प्रोफेशनल्स और कोचिंग स्टाफ के बीच रहते हैं, जो हर सेशन में आपसे अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की उम्मीद करते हैं। इससे आपको अपना स्तर ऊपर उठाने की प्रेरणा मिलती है। मेरे लिए इसका मतलब है टीम के लिए अपना योगदान देना, ट्रेनिंग पिच पर कड़ी मेहनत करना और जब भी मैनेजर मुझे बुलाएं, तो मैं पूरी तरह तैयार रहूं। मैं चाहता हूं कि जब मैं यहां बिताए अपने समय को याद करूं, तो कह सकूं कि मैंने इस क्लब के लिए अपना सब कुछ दे दिया। मैं चेल्सी के साथ ट्रॉफियां जीतने के लिए बहुत उत्साहित हूं।"
वेलबेक स्टैमफोर्ड ब्रिज पर अपने साथ टॉप-लेवल का काफी अनुभव लेकर आए हैं। उन्होंने प्रीमियर लीग में 400 मैच खेले हैं, यूईएफए चैंपियंस लीग में हिस्सा लिया है और दो फीफा वर्ल्ड कप में इंग्लैंड का प्रतिनिधित्व किया है। अपने करियर के अनुभव और लीडरशिप रोल के बारे में बात करते हुए वेलबेक ने कहा, "मैं एक शानदार ड्रेसिंग रूम में बड़ा हुआ हूं, जहां के खिलाड़ी कमाल के थे। इससे मेरे काम करने के तरीके और मेरी रोजमर्रा की आदतों पर बहुत अच्छा असर पड़ा। मैंने प्रीमियर लीग के कुछ सबसे बड़े क्लबों के लिए खेला है, और कुछ छोटे क्लबों के साथ भी समय बिताया है।"
"इस सारे अनुभव ने मुझे एक इंसान और एक खिलाड़ी के तौर पर और भी बेहतर बनाया है। मेरे पास युवा खिलाड़ियों को देने के लिए बहुत सारी सलाह है। मुझे लगता है कि मेरी उम्र के इस पड़ाव पर आप अपने आप ही एक तरह की लीडरशिप भूमिका में आ जाते हैं। यह मेरे लिए बहुत स्वाभाविक है, क्योंकि मैं हमेशा से ही दूसरों की मदद करने वाला इंसान रहा हूं। बड़े होते हुए मुझे अच्छे रोल मॉडल मिले हैं।
वेलबेक ने कहा, "मैं यहां सलाह देने के लिए हूं। मैं खुद को और अपने आस-पास के लोगों को बेहतर बनाने के लिए यहां हूं। ड्रेसिंग रूम में, मैं हमेशा एक ऐसा व्यक्ति हूं जिस पर खिलाड़ी भरोसा कर सकते हैं और जिससे बात कर सकते हैं। वह कभी भी मेरे पास आ सकते हैं और किसी भी विषय पर बात कर सकते हैं।" एवर्टन के खिलाफ शानदार जीत के बाद एक अच्छी छुट्टी लेकर चेल्सी की टीम मंगलवार को कोभम में फिर से कड़ी मेहनत कर रही है। वह इस वीकेंड प्रीमियर लीग में टोटेनहम हॉटस्पर के खिलाफ होने वाले मुकाबले की तैयारी कर रहे हैं।
--आईएएनएस
एसएम/डीकेपी
