चीनी विदेश मंत्री: चीन महान शक्तियों के साथ संबंधों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध
बीजिंग, 8 मार्च (आईएएनएस)। 14वीं एनपीसी के चौथे सत्र के दौरान रविवार को चीन की राजधानी पेइचिंग में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में चीनी विदेश मंत्री वांग यी ने चीन-अमेरिका और चीन-रूस संबंधों पर महत्वपूर्ण टिप्पणी की।
चीन-अमेरिका संबंधों पर वांग यी ने कहा कि यह वर्ष द्विपक्षीय संबंधों के लिए 'महत्वपूर्ण वर्ष' है और उच्च-स्तरीय संपर्क की कार्यसूची हमारे सामने है। अब आवश्यकता इस बात की है कि दोनों पक्ष व्यापक तैयारी करें, उपयुक्त वातावरण बनाएं और अनावश्यक हस्तक्षेपों को दूर करें। उन्होंने जोर देकर कहा कि दोनों महान शक्तियां एक-दूसरे को नहीं बदल सकतीं, लेकिन वे आपसी सम्मान, शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व और सहयोग के तरीके को अपना सकती हैं। दोनों देशों के राष्ट्राध्यक्षों के बीच अच्छे संपर्क संबंधों के सुधार के लिए रणनीतिक गारंटी प्रदान कर रहे हैं।
चीन-रूस संबंधों पर वांग यी ने कहा कि द्विपक्षीय रणनीतिक सहयोग साझेदारी नए प्रकार के अंतर्राष्ट्रीय संबंधों की अवधारणा को दर्शाती है और नए प्रकार के महान शक्ति संबंधों की दिशा का प्रतिनिधित्व करती है। दोनों देश रणनीतिक रूप से स्वतंत्र और राजनीतिक रूप से अत्यधिक विश्वसनीय हैं। प्रमुख अंतर्राष्ट्रीय मामलों में उनके बीच सबसे अधिक रणनीतिक सहमति और घनिष्ठ समन्वय है।
उन्होंने कहा कि 80 वर्ष पहले दोनों देशों ने युद्धोत्तर व्यवस्था के निर्माण में योगदान दिया था और आज वे बहुध्रुवीय विश्व के स्वागत के लिए ऊर्जा प्रदान करेंगे। यह वर्ष चीन-रूस रणनीतिक सहयोग साझेदारी की स्थापना की 30वीं वर्षगांठ है, और अस्थिर अंतर्राष्ट्रीय स्थिति के बावजूद द्विपक्षीय संबंध हमेशा स्थिर बने हुए हैं।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)
--आईएएनएस
डीएससी
