चीन में पहली बार कार्बन दक्षता लीडर उद्यमों का चयन शुरू
बीजिंग, 3 अगस्त (आईएएनएस)। जानकारी के अनुसार, चीन के उद्योग और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय सहित तीन विभागों ने हाल ही में संयुक्त रूप से "2026 प्रमुख उद्योगों में ऊर्जा दक्षता और कार्बन दक्षता लीडर उद्यमों की सिफारिश से संबंधित सूचना" जारी की है।
इसका उद्देश्य औद्योगिक उद्यमों को ऊर्जा बचत और कार्बन उत्सर्जन में कमी लाने के लिए प्रोत्साहित करना तथा प्रमुख उद्योगों के हरित और निम्न कार्बन परिवर्तन को बढ़ावा देना है। यह चीन में पहली बार कार्बन दक्षता लीडर उद्यमों के चयन की प्रक्रिया शुरू की गई है।
सूचना के अनुसार, प्रमुख उद्योगों में ऊर्जा दक्षता लीडर उद्यमों के दायरे को और व्यापक बनाया जाएगा। इसमें औद्योगिक सल्फ्यूरिक एसिड, ग्लेशियल एसिटिक एसिड, फॉर्मल्डिहाइड, स्टाइरीन और मोनोक्रिस्टलाइन सिलिकॉन जैसे नए उप उद्योगों को शामिल किया जाएगा। इसके साथ ही चयन और सिफारिश का दायरा बढ़ाकर 43 उप उद्योगों तक किया जाएगा।
ऊर्जा दक्षता लीडर कार्यक्रम के आधार पर इस बार कार्बन दक्षता लीडर उद्यमों के चयन की नई पहल भी शुरू की गई है। इसके पहले चरण में इलेक्ट्रोलाइटिक एल्यूमीनियम, सीमेंट क्लिंकर, सिंथेटिक अमोनिया, एथिलीन और मेथनॉल जैसे पांच उद्योगों को शामिल किया गया है।
सूचना में प्रमुख उद्योगों के ऊर्जा दक्षता और कार्बन दक्षता लीडर उद्यमों के लिए कई बुनियादी मानदंड भी तय किए गए हैं। चीन इलेक्ट्रॉनिक प्रौद्योगिकी मानकीकरण अनुसंधान संस्थान के उप निदेशक छन ताजी ने कहा कि वर्तमान में चीन ऊर्जा खपत के दोहरे नियंत्रण से कार्बन उत्सर्जन के दोहरे नियंत्रण की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। ऐसे में ऊर्जा दक्षता और कार्बन दक्षता लीडर उद्यमों का व्यापक चयन इस बदलाव को व्यक्तिगत प्रयासों से आगे बढ़ाकर एक व्यवस्थित और समन्वित प्रक्रिया बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
बताया गया है कि चीन में अब तक आठ चरणों में 224 प्रमुख उद्योग ऊर्जा दक्षता लीडर उद्यमों की सूची जारी की जा चुकी है। ये उद्यम 35 उप उद्योगों से जुड़े हुए हैं।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)
--आईएएनएस
एबीएम/
