Aapka Rajasthan

चेकिंग अभियान में करोल बाग ट्रैफिक पुलिस को मिली कामयाबी, चोरी के दो वाहन बरामद

नई दिल्ली, 31 मार्च (आईएएनएस)। दिल्ली के करोल बाग सर्कल के ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने अपनी सतर्कता और मुस्तैदी का परिचय देते हुए चेकिंग अभियान के दौरान चोरी के दो वाहनों को बरामद किया। यह कार्रवाई 30 मार्च को नियमित ट्रैफिक जांच और प्रवर्तन अभियान के दौरान की गई।
 

नई दिल्ली, 31 मार्च (आईएएनएस)। दिल्ली के करोल बाग सर्कल के ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने अपनी सतर्कता और मुस्तैदी का परिचय देते हुए चेकिंग अभियान के दौरान चोरी के दो वाहनों को बरामद किया। यह कार्रवाई 30 मार्च को नियमित ट्रैफिक जांच और प्रवर्तन अभियान के दौरान की गई।

पहली घटना शादीपुर चौक की है, जहां ट्रैफिक व्यवस्था संभाल रहे एसआई सुरेंद्र और हेड कांस्टेबल निकुंज ने दोपहर करीब 1:20 बजे एक संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोकने का प्रयास किया। बाइक सवार ने चेकिंग से बचने की कोशिश की, जिससे पुलिसकर्मियों को उस पर शक हुआ। तुरंत कार्रवाई करते हुए टीम ने मोटरसाइकिल को रोक लिया और दो युवकों, दीपक (20) और गौरव कुमार (20 वर्ष) को पकड़ लिया।

जांच के दौरान पता चला कि मोटरसाइकिल ग्रेटर नोएडा क्षेत्र से 18 नवंबर 2022 को चोरी हुई थी। इस मामले में पहले से ही धारा 379 के तहत एफआईआर दर्ज थी। बरामद मोटरसाइकिल और दोनों आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए रंजीत नगर थाने को सौंप दिया गया।

उसी दिन दूसरी कार्रवाई कमल टी-पॉइंट, न्यू रोहतक रोड के पास की गई। यहां हेड कांस्टेबल देवी दास फुटपाथ पर गलत तरीके से खड़े वाहनों के खिलाफ अभियान चला रहे थे। इसी दौरान उन्हें एक लावारिस डी-वैन दिखाई दी। वाहन की जांच करने पर पता चला कि यह गाड़ी डीबीजी रोड इलाके से चोरी हुई थी और इस संबंध में बीएनएस की धारा 305 (बी) के तहत ई-एफआईआर दर्ज थी। इसके बाद वाहन को जांच अधिकारी के हवाले कर दिया गया।

इन दोनों घटनाओं से साफ है कि करोल बाग ट्रैफिक सर्कल का स्टाफ न केवल ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में सक्रिय है, बल्कि अपराधों पर रोक लगाने में भी अहम भूमिका निभा रहा है। यह पूरी कार्रवाई ट्रैफिक इंस्पेक्टर राम सिंह और एसीपी ट्रैफिक संजय सिंह की देखरेख में की गई। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस लगातार सुरक्षित सड़कों और बेहतर कानून व्यवस्था के लिए प्रतिबद्ध है।

--आईएएनएस

वीसी