चौथी बार राज्यसभा पहुंचे परिमल नाथवाणी, शपथ के बाद पीएम मोदी से की मुलाकात
नई दिल्ली, 25 जून (आईएएनएस)। झारखंड से हाल ही में राज्यसभा के लिए निर्वाचित सांसद परिमल नाथवाणी ने गुरुवार को उच्च सदन के सदस्य के रूप में अपने चौथे कार्यकाल की शपथ ली। शपथ ग्रहण के बाद उन्होंने इसे सार्वजनिक जीवन का एक महत्वपूर्ण और गौरवपूर्ण क्षण बताते हुए झारखंड की जनता, एनडीए नेतृत्व और अपने समर्थकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
राज्यसभा सदस्यता की शपथ लेने के बाद नाथवाणी ने कहा कि यह अवसर उनके लिए बड़ी जिम्मेदारी लेकर आया है। उन्होंने कहा कि वह तीसरी बार अपनी कर्मभूमि झारखंड का राज्यसभा में प्रतिनिधित्व कर रहे हैं और जनता द्वारा जताए गए विश्वास पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा संदेश में उन्होंने कहा कि यह जनादेश राज्य में ग्रामीण आधारभूत संरचना, स्वास्थ्य सेवाओं, कौशल विकास और रोजगार सृजन से जुड़े प्रयासों को और मजबूत करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि झारखंड के सर्वांगीण विकास के लिए उनकी प्रतिबद्धता पहले से अधिक मजबूत हुई है। शपथ ग्रहण के बाद परिमल नाथवाणी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से शिष्टाचार मुलाकात भी की।
इस दौरान उन्होंने राज्यसभा चुनाव में मिले समर्थन के लिए प्रधानमंत्री और एनडीए नेतृत्व का आभार जताया। मुलाकात के दौरान झारखंड के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी चर्चा हुई। नाथवाणी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के राष्ट्र निर्माण के विजन और मार्गदर्शन से उन्हें लगातार प्रेरणा मिलती है।
इसी प्रेरणा के साथ वह झारखंड में विकास परियोजनाओं को गति देने और राज्य के लोगों की आकांक्षाओं को राष्ट्रीय मंच पर प्रभावी ढंग से उठाने का प्रयास करेंगे। उल्लेखनीय है कि हाल ही में संपन्न राज्यसभा चुनाव में परिमल नाथवाणी झारखंड से पुनर्निर्वाचित हुए हैं। यह उनका चौथा राज्यसभा कार्यकाल है। इससे पहले भी वह उच्च सदन में दो बार झारखंड का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं और विभिन्न विकासात्मक तथा सामाजिक पहलों से जुड़े रहे हैं।
--आईएएनएस
एसएनसी/डीएससी
