'चौथे और पांचवें दिन उनकी स्पिन काम आती', जडेजा को बाहर रखने पर सुनील गावस्कर ने उठाए सवाल
क्राइस्टचर्च, 27 नवंबर (आईएएनएस)। भारत के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर ने न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट के लिए रवींद्र जडेजा को बाहर रखने के टीम मैनेजमेंट के फैसले पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि अनुभवी ऑलराउंडर की खराब पिचों से भी टर्न लेने की काबिलियत हेगली ओवल में मैच आगे बढ़ने पर फायदेमंद साबित हो सकती थी।
प्लेइंग इलेवन में मोहम्मद सिराज को जगह नहीं मिलने पर भी सवाल उठे। सुनील गावस्कर का मानना था कि चर्चा सिर्फ टीम चयन तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि रवींद्र जडेजा को बाहर रखने के फैसले पर भी होनी चाहिए। जडेजा मौजूदा वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप चक्र में भारत के सबसे प्रभावी गेंदबाजों में से एक रहे हैं।
टॉस के बाद सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर बात करते हुए गावस्कर ने जडेजा के रिकॉर्ड और टेस्ट के बाद के स्टेज में उनके संभावित असर के बारे में बताया। गावस्कर ने कहा, "ठीक है, हम सिर्फ सिराज की बात कर रहे हैं, लेकिन जडेजा का क्या? वह इस वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप साइकिल में भारत के तीसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। मुझे लगता है कि चौथे और पांचवें दिन उनकी स्पिन काफी काम आती। वह ऐसे खिलाड़ी हैं, जो शांत पिचों पर गेंद को पकड़ने और घुमाने के लिए जाने जाते हैं। इसी कारण उनके और मोहम्मद सिराज, दोनों के लिए किस्मत अच्छी नहीं है।"
बाहर किए गए खिलाड़ियों पर चिंता जताने के बावजूद, भारत के पूर्व कप्तान ने साफ किया कि वह टीम मैनेजमेंट द्वारा चुनी गई टीम के साथ खड़े रहेंगे और खिलाड़ियों से इस मौके का पूरा फायदा उठाने की अपील की। उन्होंने आगे कहा, "सिराज इस साइकिल में सबसे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं, लेकिन इंतजार करते हैं और देखते हैं। मैंने हमेशा इसे ऐसे देखा है। फाइनल इलेवन, 14 या 16 को लेकर आपके जो भी शक हों, एक बार टीम चुन ली जाए, तो वह आपकी और मेरी टीम है। आखिरकार, यह भारतीय टीम है। इस वजह से मैं इस टीम का साथ दे रहा हूं, और मैं प्रार्थना कर रहा हूं कि यह टीम अच्छा करे।"
इस बीच, न्यूजीलैंड की पूर्व महिला क्रिकेटर केटी मार्टिन ने सिराज के भारतीय अटैक से बाहर होने को मेजबान टीम के नजरिए से एक अच्छी बात माना। उन्हें लगा कि यह तेज गेंदबाज हेगली ओवल के हालात के लिए खास तौर पर सही होता। मार्टिन ने कहा, "न्यूजीलैंड के नजरिए से हम शायद खुश हैं कि सिराज नहीं खेल रहे हैं, क्योंकि उन्हें यह पिच रास आती।"
भारत ने वेलिंगटन में पहला टेस्ट ड्रॉ कराने वाली टीम में एक बदलाव किया है, जिसमें प्रसिद्ध कृष्णा की जगह तेज गेंदबाज गुरनूर बरार को डेब्यू करने का मौका दिया गया है। सिराज और जडेजा दोनों को बाहर रखा गया, जबकि न्यूजीलैंड ने सीरीज के आखिरी मैच के लिए प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव नहीं किया है।
टॉस जीतकर बॉलिंग करने के बाद अब तक मैदान पर भारत का प्रदर्शन पहले दिन मिला-जुला रहा है। टी-ब्रेक तक न्यूजीलैंड ने 4 विकेट खोकर 131 रन बना लिए हैं। पहले सेशन में सिर्फ एक विकेट चटकाने के बाद दूसरे सेशन में भारतीय गेंदबाजों ने शानदार वापसी करते हुए तीन विकेट झटके।
--आईएएनएस
एसएम/एएस
