चौथा टी20: साल्ट-ब्रूक की अटूट शतकीय साझेदारी, भारत को 9 विकेट से हराकर इंग्लैंड ने सीरीज पर जमाया कब्जा
ब्रिस्टल, 10 जुलाई (आईएएनएस)। फिलिप साल्ट और हैरी ब्रूक की अटूट शतकीय साझेदारी के दम पर इंग्लैंड ने भारत के खिलाफ काउंटी ग्राउंड में खेले गए टी20 सीरीज के चौथे मुकाबले को 9 विकेट से अपने नाम किया। इसी के साथ मेजबान टीम ने पांच मुकाबलों की सीरीज पर 3-1 से कब्जा कर लिया है।
भारत-इंग्लैंड के बीच टी20 सीरीज का पहला मैच बारिश के चलते बेनतीजा रहा था। इसके बाद अगले मुकाबले में इंग्लैंड ने 4 विकेट से जीत दर्ज की। नॉटिंघम में खेला गया तीसरा मैच मेजबान टीम ने 125 रन से अपने नाम करते हुए सीरीज में अजेय बढ़त बना ली थी। अब सीरीज का पांचवां और अंतिम मैच 11 जुलाई को साउथैम्पटन में खेला जाना है।
गुरुवार को टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने निर्धारित ओवरों में 7 विकेट खोकर 158 रन बनाए। टीम इंडिया 48 के स्कोर तक अपने 3 विकेट गंवा चुकी थी। यहां से कप्तान श्रेयस अय्यर ने मोर्चा संभाला। उन्होंने शिवम दुबे के साथ चौथे विकेट के लिए 43 गेंदों में 53 रन जोड़े।
दुबे 23 गेंदों में 22 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद अय्यर ने तिलक वर्मा (11) के साथ 29 रन और वाशिंगटन सुंदर (5) के साथ 27 रन जुटाए। अय्यर 49 गेंदों में 5 छक्कों और 4 चौकों के साथ 80 रन बनाकर नाबाद रहे। इंग्लैंड की तरफ से जोफ्रा आर्चर और जोश टंग ने 2-2 विकेट निकाले, जबकि विल जैक्स और आदिल रशीद को 1-1 सफलता हाथ लगी।
इसके जवाब में इंग्लैंड ने महज 13.5 ओवरों में मुकाबला अपने नाम कर लिया। मेजबान टीम को 2.3 ओवर में जोस बटलर के रूप में पहला झटका लगा, जो 8 रन बनाकर आउट हुए। यहां से कप्तान हैरी ब्रूक ने फिलिप साल्ट के साथ मोर्चा संभाला।
दोनों खिलाड़ियों ने 68 गेंदों में 146 रन की अटूट साझेदारी की। 'प्लेयर ऑफ द मैच' ब्रूक 35 गेंदों में 4 छक्कों और 8 चौकों के साथ 79 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि साल्ट ने 42 गेंदों में 10 बाउंड्री के साथ नाबाद 59 रन बनाए। भारत की तरफ से एकमात्र सफलता अर्शदीप सिंह के हाथ लगी, जिन्होंने 3.5 ओवरों में 41 रन देकर 1 विकेट हासिल किया।
--आईएएनएस
आरएसजी
