Aapka Rajasthan

चतरा में गोवंशीय पशु के कटे सिर मिलने से तनाव, ग्रामीणों ने सड़क जाम की

चतरा, 31 मई (आईएएनएस)। झारखंड के चतरा जिले के इटखोरी थाना क्षेत्र में गोवंशीय पशु के तीन कटे हुए सिर मिलने के बाद इलाके में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। घटना से नाराज ग्रामीणों ने इटखोरी-चतरा मुख्य मार्ग को जाम कर दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की।
 
मामला इटखोरी थाना क्षेत्र स्थित बक्शा डैम इलाके का है, जहां रविवार को तीन कटे हुए पशु सिर मिलने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई और घटना को लेकर आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि असामाजिक तत्वों ने क्षेत्र का माहौल खराब करने के उद्देश्य से इस घटना को अंजाम दिया है।

सूचना मिलने के बाद इटखोरी थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और तीनों कटे हुए सिरों को कब्जे में लेकर जांच के लिए थाने ले गई। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इसके पीछे किसका हाथ हो सकता है। घटना के विरोध में बड़ी संख्या में ग्रामीण नगवां चौक के समीप इटखोरी-चतरा मुख्य मार्ग पर जुट गए और सड़क जाम कर दी।

प्रदर्शनकारियों ने वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों को मौके पर बुलाने तथा घटना में शामिल लोगों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में इस तरह की घटना पहली बार सामने आई है, जिससे लोगों में नाराजगी और चिंता बढ़ गई है। स्थिति को देखते हुए पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों से बातचीत कर रहे हैं।

अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और आश्वासन दिया है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने बताया कि घटनास्थल से मिले अवशेषों की जांच कराई जा रही है और आसपास के क्षेत्रों में भी पूछताछ की जा रही है। एहतियात के तौर पर इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

--आईएएनएस

एसएनसी/एएस