Aapka Rajasthan

चतरा में बिहार का 50 हजार रुपए का इनामी अपराधी गिरफ्तार, चोरी की बोलेरो और मोबाइल बरामद

चतरा, 2 अक्टूबर (आईएएनएस)। झारखंड के चतरा जिले में हंटरगंज थाना पुलिस ने बिहार के गया जिले के 50 हजार रुपए के इनामी अपराधी रामभज्जू यादव को गिरफ्तार किया है।
 

चतरा, 2 अक्टूबर (आईएएनएस)। झारखंड के चतरा जिले में हंटरगंज थाना पुलिस ने बिहार के गया जिले के 50 हजार रुपए के इनामी अपराधी रामभज्जू यादव को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, बिहार के मोस्ट वांटेड अपराधियों की सूची में शामिल यादव के खिलाफ हत्या, डकैती, लूट और आर्म्स एक्ट समेत 15 आपराधिक मामले बिहार और झारखंड के विभिन्न थानों में दर्ज हैं। उसके पास से चोरी की एक बोलेरो और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, दो अक्टूबर को अधिकारियों को सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध अपराधी चोरी की बोलेरो से बिहार के गोपालपुर, सैयपुर और मायापुर होते हुए हंटरगंज के जजलो बाजार की ओर आ रहा है। सूचना के आधार पर हंटरगंज थाना प्रभारी के नेतृत्व में विशेष छापामारी टीम गठित की गई। टीम ने मीरपुर कब्रिस्तान के पास वाहन जांच अभियान शुरू किया।

इसी दौरान पुलिस ने संदिग्ध बोलेरो को रोककर उसमें सवार व्यक्ति को हिरासत में लिया। जांच के दौरान वह वाहन से संबंधित वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने उसके पास से दो मोबाइल फोन भी बरामद किए। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान बिहार के गया जिले के बाराचट्टी थाना क्षेत्र के रेबदा गांव निवासी रामभज्जू यादव के रूप में हुई है।

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, उसके खिलाफ हत्या, डकैती, लूट और आर्म्स एक्ट सहित 15 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि इनमें से कुछ मामले झारखंड के विभिन्न थाना क्षेत्रों से भी जुड़े हैं। पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में यह बात सामने आई है कि रामभज्जू यादव अपने कुछ सहयोगियों के साथ मिलकर हंटरगंज क्षेत्र में किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहा था।

हालांकि, पुलिस ने इस संबंध में विस्तृत जानकारी जांच पूरी होने के बाद सामने आने की बात कही है। मामले में हंटरगंज थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 317(5) के तहत कांड संख्या 164/26 दर्ज किया गया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

--आईएएनएस

एसएनसी/एमएस