चंडीगढ़ से पुणे और बेंगलुरु के लिए हवाई कनेक्टिविटी बढ़ेगी, 1 जून से नई सीधी उड़ानें शुरू
चंडीगढ़, 26 मई (आईएएनएस)। शहीद भगत सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट से 1 जून से चंडीगढ़ से पुणे और बेंगलुरु के लिए हवाई कनेक्टिविटी और अधिक बेहतर होने जा रही है। समर शेड्यूल के तहत इन दोनों प्रमुख शहरों के लिए नई सीधी उड़ानें शुरू की जा रही हैं, जिनकी बुकिंग भी पहले ही शुरू हो चुकी है।
एयर इंडिया एक्सप्रेस चंडीगढ़ और पुणे के बीच एक नई दैनिक उड़ान शुरू करने जा रही है। यह फ्लाइट चंडीगढ़ एयरपोर्ट से रात 12:45 बजे रवाना होगी और रात 3:10 बजे पुणे पहुंचेगी।
वापसी में यह उड़ान पुणे से रात 3:45 बजे उड़ान भरकर सुबह 6:05 बजे चंडीगढ़ पहुंचेगी। खास बात यह है कि समर शेड्यूल के तहत चंडीगढ़ एयरपोर्ट से आधी रात के बाद संचालित होने वाली पहली नियमित उड़ान होगी।
वर्तमान में चंडीगढ़ और पुणे के बीच केवल एक ही सीधी उड़ान संचालित होती है, जो इंडिगो एयरलाइंस द्वारा रात 10:50 बजे चंडीगढ़ से रवाना होकर 1:10 बजे पुणे पहुंचती है। नई उड़ान शुरू होने के बाद इस रूट पर दैनिक उड़ानों की संख्या बढ़कर दो हो जाएगी, जिससे यात्रियों को अधिक विकल्प उपलब्ध होंगे।
इसके अलावा एयर इंडिया एक्सप्रेस 1 जून से चंडीगढ़ और बेंगलुरु के बीच भी नई सीधी उड़ान सेवा शुरू कर रही है। यह उड़ान चंडीगढ़ से सुबह 6:40 बजे रवाना होकर सुबह 9:55 बजे केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (टर्मिनल-2) पर पहुंचेगी। वापसी में यह विमान बेंगलुरु से रात 9:15 बजे उड़ान भरकर रात 12:15 बजे चंडीगढ़ पहुंचेगी।
चंडीगढ़ और बेंगलुरु के बीच यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए यह नई सेवा शुरू की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, इस नई उड़ान के शुरू होने के बाद दोनों शहरों के बीच कुल पांच नॉन-स्टॉप उड़ानें उपलब्ध हो जाएंगी, जिससे यात्रा और अधिक सुविधाजनक और सुगम हो जाएगी।
विमानन क्षेत्र के जानकारों का मानना है कि इन नई उड़ानों से न केवल यात्रियों को समय की बचत होगी, बल्कि व्यापारिक और शैक्षणिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। इसके साथ ही दोनों शहरों के बीच संपर्क और मजबूत होगा, जिससे क्षेत्रीय कनेक्टिविटी में भी सुधार आएगा।
नई उड़ानों के शुरू होने से चंडीगढ़ एयरपोर्ट की क्षमता और महत्व भी बढ़ेगा तथा यात्रियों को अधिक विकल्प और बेहतर यात्रा सुविधाएं मिलेंगी।
--आईएएनएस
एसएके/वीसी
