Aapka Rajasthan

चंडीगढ़ में पंजाब के किसान प्रतिनिधियों की सीएम नायब सिंह सैनी से मुलाकात, कृषि मुद्दों पर हुई चर्चा

चंडीगढ़, 26 मई (आईएएनएस)। चंडीगढ़ में पंजाब के किसानों और विभिन्न किसान संगठनों के प्रतिनिधियों ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात की। प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री को कृषि की मौजूदा स्थिति, किसानों की समस्याओं के बारे में विस्तार से बताया। बैठक में मुख्य रूप से खेती से जुड़े मुद्दों और बिजली आपूर्ति की चुनौतियों पर चर्चा हुई।
 
किसान प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि पंजाब में किसानों की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है और उन्हें कई स्तरों पर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कृषि कार्यों के लिए आवश्यक बिजली आपूर्ति में आ रही बाधाओं को भी प्रमुख समस्या बताया।

प्रतिनिधियों ने कहा कि समय पर और पर्याप्त बिजली न मिलने से खेती के कार्य प्रभावित हो रहे हैं, जिससे किसानों की परेशानी और बढ़ रही है।

बैठक के दौरान किसान संगठनों के प्रतिनिधियों ने यह भी कहा कि पंजाब के किसान केंद्र और हरियाणा सरकार की किसान हितैषी नीतियों से अपेक्षित रूप से लाभान्वित नहीं हो पा रहे हैं।

उन्होंने मांग की कि किसानों को भी अन्य राज्यों की तरह सुविधाएं और सहयोग मिलना चाहिए। प्रतिनिधियों ने यह भी इच्छा जताई कि पंजाब के किसान केंद्र सरकार के साथ मिलकर हरियाणा और अन्य राज्यों जैसी सुविधाएं प्राप्त करना चाहते हैं।

इस अवसर पर सभी किसान प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को पंजाब आने का निमंत्रण भी दिया, ताकि वे जमीनी स्तर पर किसानों की समस्याओं को समझ सकें और स्थिति का प्रत्यक्ष आकलन कर सकें।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने किसान प्रतिनिधियों की बातों को गंभीरता से सुना और उन्हें हर संभव सहयोग एवं समर्थन का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं का समाधान सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है और इस दिशा में सकारात्मक प्रयास जारी रहेंगे।

बैठक को सकारात्मक माना जा रहा है, जिसमें दोनों पक्षों ने संवाद के माध्यम से कृषि से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। किसान संगठनों ने उम्मीद जताई कि इस मुलाकात के बाद उनकी समस्याओं के समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे और किसानों की स्थिति में सुधार होगा।

--आईएएनएस

एसएके/एमएस