Aapka Rajasthan

चंपत राय जांच में कर रहे सहयोग, निष्कर्ष से पहले आरोप लगाना उचित नहीं: साध्वी निरंजन ज्योति

नई दिल्ली, 8 जुलाई (आईएएनएस)। भाजपा नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति ने कहा कि राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में चंपत राय जांच एजेंसियों का पूरा सहयोग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने तक किसी भी राजनीतिक दल को इस मुद्दे पर राजनीति नहीं करनी चाहिए।
 

नई दिल्ली, 8 जुलाई (आईएएनएस)। भाजपा नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति ने कहा कि राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में चंपत राय जांच एजेंसियों का पूरा सहयोग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने तक किसी भी राजनीतिक दल को इस मुद्दे पर राजनीति नहीं करनी चाहिए।

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले पर साध्वी निरंजन ज्योति ने आईएएनएस से बातचीत के दौरान कहा कि एसआईटी पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर रही है और "दूध का दूध, पानी का पानी" हो जाएगा। उन्होंने कहा, "श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र समिति की बैठक भी हुई है। हालांकि वह समिति की सदस्य नहीं हैं, इसलिए वहां लिए गए फैसलों की जानकारी उनके पास नहीं है। लेकिन जांच की प्रक्रिया चल रही है और सभी को उसके निष्कर्ष का इंतजार करना चाहिए।"

उन्होंने श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पूर्व महासचिव चंपत राय को लेकर कहा कि वह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और विश्व हिंदू परिषद के लंबे समय से समर्पित कार्यकर्ता रहे हैं। इसके बावजूद वह जांच एजेंसियों का पूरा सहयोग कर रहे हैं। ऐसे में किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले जांच पूरी होने देना उचित होगा।

भाजपा नेता ने कहा कि भगवान राम के नाम पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने हमेशा राम मंदिर के मुद्दे को आस्था और श्रद्धा से जोड़ा है, न कि राजनीतिक लाभ से। उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर भरोसा जताते हुए कहा कि सरकार दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करेगी।

वक्फ बोर्ड की जमीनों के मुद्दे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बयान का समर्थन करते हुए उन्होंने कहा कि जहां भी किसी प्रकार की अनियमितता या अवैध कब्जे के आरोप हैं, वहां पारदर्शी जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी धर्मों और संस्थाओं में पारदर्शिता के साथ काम होना चाहिए और देशहित सर्वोपरि होना चाहिए।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इंडोनेशिया दौरे और वहां मिले सर्वोच्च नागरिक सम्मान पर साध्वी निरंजन ज्योति ने कहा कि यह सम्मान केवल प्रधानमंत्री का नहीं, बल्कि पूरे भारत और 140 करोड़ देशवासियों का सम्मान है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की विदेश नीति और विभिन्न देशों के साथ मजबूत संबंधों के कारण आज भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा बढ़ी है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपने कार्यकाल में दुनिया के अनेक देशों के साथ मजबूत और भरोसेमंद संबंध स्थापित किए हैं। इसी का परिणाम है कि भारत को अंतरराष्ट्रीय मंचों पर लगातार सम्मान मिल रहा है। उन्होंने कोरोना महामारी के दौरान भारत द्वारा चलाए गए 'वैक्सीन मैत्री' अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत ने उस कठिन समय में कई देशों की सहायता की और वैश्विक सहयोग की भावना को मजबूत किया।

साध्वी निरंजन ज्योति ने कहा कि वर्तमान समय में जब दुनिया के कई हिस्से युद्ध और अस्थिरता का सामना कर रहे हैं, तब भी भारत मजबूत और स्थिर है। उन्होंने इसका श्रेय प्रधानमंत्री मोदी की विदेश नीति और विभिन्न देशों के साथ स्थापित मजबूत संबंधों को दिया। उनके अनुसार यही कारण है कि आज भारत वैश्विक स्तर पर सुरक्षित, सम्मानित और प्रभावशाली स्थिति में है।

उन्होंने कहा कि उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पहले और दूसरे कार्यकाल में लगातार दस वर्षों तक काम करने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि वर्तमान में उन्हें प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति द्वारा एक ऐसे दायित्व के लिए भेजा गया है, जहां समाज के दबे-कुचले और वंचित वर्गों को न्याय दिलाने का अवसर मिल रहा है।

साध्वी निरंजन ज्योति ने बताया कि वह लगातार लोगों की शिकायतें सुन रही हैं और अनेक मामलों में लोगों को न्याय दिलाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कई बार पिछड़े और वंचित वर्ग के लोग सरकारी सेवाओं तक पहुंचने के बाद भी भेदभाव का सामना करते हैं। ऐसे लोगों के लिए शिकायत दर्ज कराने और न्याय पाने का एक प्रभावी मंच उपलब्ध कराया जा रहा है, ताकि उनकी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

--आईएएनएस

पीआईएम/एएस