चमोली टनल हादसा: घायलों से मिलने अस्पताल पहुंचे भाजपा सांसद, डॉक्टरों को दिए बेहतर इलाज के निर्देश
चमोली, 14 अगस्त (आईएएनएस)। उत्तराखंड के चमोली जिले के पीपलकोटी में बन रही टीएचडीसी टनल में हुए हादसे में घायल मजदूरों से मिलने भाजपा सांसद अनिल बलूनी शुक्रवार को गोपेश्वर जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने यहां भर्ती घायल मजदूरों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और उन्हें बेहतर इलाज के निर्देश डॉक्टरों को दिए।
भाजपा सांसद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में बताया कि आज गोपेश्वर जिला अस्पताल पहुंचकर आपदा प्रभावित टनल से रेस्क्यू किए गए घायल श्रमिकों का कुशल-क्षेम जाना और उनके उपचार की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
उन्होंने कहा कि अस्पताल प्रशासन एवं चिकित्सकों को निर्देश दिए कि सभी घायल श्रमिकों को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा, विशेषज्ञ चिकित्सकीय देखरेख और आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया जाए। उपचार में किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए। साथ ही, दवाइयों, जांच, भोजन एवं अन्य आवश्यक चिकित्सा सुविधाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। घायल श्रमिकों एवं उनके परिजनों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए भी अधिकारियों को निर्देशित किया।
इससे पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना। इस दौरान मीडिया से बात करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा, "अब तक मिली जानकारी के मुताबिक, टनल में फंसे 22 लोगों में से 19 को सुरक्षित निकाल लिया गया है। इनमें से कुछ गंभीर रूप से घायल हैं। अस्पताल में भर्ती लोगों का सही इलाज हो रहा है और सभी जरूरी मेडिकल सुविधाएं दी जा रही हैं।"
सीएम ने बताया, "मैंने छत्तीसगढ़ और झारखंड के मुख्यमंत्रियों से भी बात करके उन्हें हालात की जानकारी दी और भरोसा दिलाया कि प्रभावित मजदूरों और उनके परिवारों को हर जरूरी मेडिकल देखभाल और दूसरी सुविधाएं दी जा रही हैं।"
देहरादून में राज्य के आपदा प्रबंधन मंत्री मदन कौशिक ने हादसे का ब्योरा दिया। उन्होंने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "टनल में अचानक पानी और मलबा आने से 22 मजदूर और कर्मचारी अंदर फंस गए। जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस, हेमकुंड साहिब के श्रद्धालुओं और एनडीआरएफ व एसडीआरएफ की टीमों की मदद से बचाव अभियान शुरू किया गया।"
--आईएएनएस
एमएस/
