Aapka Rajasthan

नोएडा : चैत्र नवरात्रि का दूसरा दिन, मंदिरों में सुबह से ही भक्तों का तांता

नोएडा, 20 मार्च (आईएएनएस)। चैत्र नवरात्रि के दूसरे दिन श्रद्धालु मां दुर्गा के द्वितीय स्वरूप माता ब्रह्मचारिणी की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर रहे हैं। मंदिरों में सुबह से ही भक्तों का तांता देखने को मिल रहा है। भक्त मां ब्रह्मचारिणी से तप, त्याग, संयम और ज्ञान की प्राप्ति की कामना कर रहे हैं।
 
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार माता ब्रह्मचारिणी तपस्या और साधना का प्रतीक मानी जाती हैं। ‘ब्रह्म’ का अर्थ तप और ‘चारिणी’ का अर्थ आचरण करने वाली होता है, यानी जो तप का आचरण करती हैं, वही ब्रह्मचारिणी कहलाती हैं। कहा जाता है कि मां ने भगवान शिव को पति रूप में पाने के लिए कठोर तप किया था, जिससे उन्हें यह स्वरूप प्राप्त हुआ।

पौराणिक कथाओं के अनुसार माता ब्रह्मचारिणी को ब्रह्मा जी की शक्ति माना गया है और उनका उद्भव ब्रह्मा के कमंडल से हुआ बताया जाता है। सृष्टि के सृजन में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका मानी जाती है। मान्यता है कि जब सृष्टि का विस्तार नहीं हो सका, तब ब्रह्मा की इसी शक्ति ने सृजन को आगे बढ़ाया। इसी कारण भारतीय संस्कृति में स्त्री को सृष्टि का आधार और जीवनदायिनी शक्ति माना जाता है।

माता ब्रह्मचारिणी के स्वरूप की बात करें तो वे अत्यंत साधारण और तपस्विनी रूप में विराजमान रहती हैं। उनके दाहिने हाथ में जपमाला और बाएं हाथ में कमंडल होता है, जो साधना, संयम और आध्यात्मिक शक्ति का प्रतीक है। उनका यह रूप भक्तों को आत्मसंयम और धैर्य का संदेश देता है। धार्मिक आस्थाओं के अनुसार, जो भक्त इस दिन पूरे मन से मां की पूजा और ध्यान करते हैं, उन्हें ज्ञान, वैराग्य और मानसिक शांति की प्राप्ति होती है।

विशेष रूप से विद्यार्थी और साधक इस दिन मां की आराधना कर अपनी एकाग्रता और आत्मबल को बढ़ाने की प्रार्थना करते हैं। नवरात्रि के दूसरे दिन ध्यान, जप और योग साधना का विशेष महत्व बताया गया है। माना जाता है कि इस दिन की गई उपासना से जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और व्यक्ति कठिन परिस्थितियों का सामना करने में सक्षम बनता है।

देशभर में नवरात्रि के इस पावन अवसर पर श्रद्धा और भक्ति का माहौल बना हुआ है, जहां हर कोई मां ब्रह्मचारिणी के आशीर्वाद से सुख, शांति और समृद्धि की कामना कर रहा है।

--आईएएनएस

पीकेटी/एएस