Aapka Rajasthan

सीसीआई लिमिटेड में इंजीनियर सहित 14 पदों पर आवेदन शुरू, जानें क्या है अर्हता

नई दिल्ली, 20 अगस्त (आईएएनएस)। सरकारी कंपनी में नौकरी करने की इच्छा रखने वाले युवाओं के लिए एक शानदार मौका सामने आया है। दरअसल, सीमेंट कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (सीसीआई) ने निश्चित अवधि के अनुबंध के आधार पर इंजीनियर सहित विभिन्न 14 पदों पर योग्य और इच्छुक उम्मीदवारों की नियुक्ति के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके आवेदन मांगे हैं।
 

नई दिल्ली, 20 अगस्त (आईएएनएस)। सरकारी कंपनी में नौकरी करने की इच्छा रखने वाले युवाओं के लिए एक शानदार मौका सामने आया है। दरअसल, सीमेंट कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (सीसीआई) ने निश्चित अवधि के अनुबंध के आधार पर इंजीनियर सहित विभिन्न 14 पदों पर योग्य और इच्छुक उम्मीदवारों की नियुक्ति के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके आवेदन मांगे हैं।

सीसीआई लिमिटेड की ओर से जारी 14 रिक्तियों में इंजीनियर (प्रोडक्शन) के 3, इंजीनियर (मैकेनिकल) के 3, इंजीनियर (माइनिंग) का 1, इंजीनियर (इलेक्ट्रिकल) का 1, ऑफिसर (मटीरियल मैनेजमेंट) के 2, ऑफिसर (मार्केटिंग) का 1, ऑफिसर (लीगल) का 1 और एनालिस्ट (फाइनेंस और अकाउंट्स) के 2 पद शामिल हैं।

इन सभी पोस्ट के लिए ऑफलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 15 सितंबर तक तय की गई है। ऐसे में जो उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्ति के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, उन्हें तय अंतिम तिथि के शाम 5 बजे तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरा करने की सलाह दी जाती है।

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से संबंधित पोस्ट और क्षेत्र के अनुसार पूर्णकालिक इंजीनियरिंग डिग्री या एमएससी या डिप्लोमा, फुल-टाइम पोस्टग्रेजुएट डिग्री/डिप्लोमा, एमबीए/पीजीडीएम या समकक्ष डिग्री, कानून में फुल-टाइम बैचलर डिग्री या कानून में पोस्ट-ग्रेजुएट डिग्री, सीए इंटर/आईसीडब्ल्यूए इंटर/फुल-टाइम 2 वर्ष का एमबीए (फाइनेंस) में होना चाहिए। इसके अलावा कैंडिडेट्स के पास पद के अनुसार प्रासंगिक क्षेत्र में निर्धारित 1 से 3 वर्षों का अनुभव होना भी जरूरी है।

आवेदकों की अधिकतम आयु एनालिस्ट पद के लिए 40 वर्ष और अन्य सभी पदों के लिए 35 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना आवेदन करने की अंतिम तिथि के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधितमत आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदनों की जांच और शैक्षणिक योग्यता व अनुभव के आधार पर शॉर्टलिस्टिंग, इंटरव्यू, लिखित परीक्षा या ग्रुप डिस्कशन (जहां जरूरी हो), चिकित्सा परीक्षण, दस्तावेजों की जांच के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 40,000 रुपए प्रति माह होगी। इसके अलावा कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।

एप्लीकेशन फॉर्म भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान करना होगा, जो जनरल/ओबीसी/ईडब्ल्यूएस के लिए 100 रुपए तय किया गया है। वहीं, एससी/एसटी/पीडब्ल्यूडी और महिलाओं को रजिस्ट्रेशन फीस में छूट दी गई है।

आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले सीसीआई लिमिटेड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पोस्ट के लिए दिए गए एप्लीकेशन फॉर्म को डाउनलोड कर उसका प्रिंट आउट निकाल लें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। संबंधित सभी डॉक्यूमेंट्स को आवेदन के साथ अटैच करें। इसके बाद सभी को एक लिफाफे में डालकर उसे 'एचओडी (एचआर), सीमेंट कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड, पोस्ट बॉक्स नंबर: 3061, लोधी रोड पोस्ट ऑफिस, नई दिल्ली-110003' पते पर तय समय सीमा के अंदर डाक के माध्यम से पहुंचा दें।

--आईएएनएस

डीके/पीएम