Aapka Rajasthan

सीबीएसई 12वीं परिणाम: लवली पब्लिक स्कूल का शानदार प्रदर्शन, बेटियों का दबदबा कायम

नई दिल्ली, 13 मई (आईएएनएस)। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने 12वीं (इंटरमीडिएट) की बोर्ड परीक्षा 2026 के परिणाम जारी कर दिए हैं। परीक्षा में 85.20 प्रतिशत छात्र उत्तीर्ण हुए हैं, जिसमें लड़कियों ने 88.86 फीसदी अंक के साथ एक बार फिर बाजी मारी है। वहीं, लड़कों का पासिंग प्रतिशत 82.13 दर्ज किया गया है।
 
सीबीएसई 12वीं परिणाम: लवली पब्लिक स्कूल का शानदार प्रदर्शन, बेटियों का दबदबा कायम

नई दिल्ली, 13 मई (आईएएनएस)। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने 12वीं (इंटरमीडिएट) की बोर्ड परीक्षा 2026 के परिणाम जारी कर दिए हैं। परीक्षा में 85.20 प्रतिशत छात्र उत्तीर्ण हुए हैं, जिसमें लड़कियों ने 88.86 फीसदी अंक के साथ एक बार फिर बाजी मारी है। वहीं, लड़कों का पासिंग प्रतिशत 82.13 दर्ज किया गया है।

सीबीएसई 12वीं बोर्ड की परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करने वाले छात्रों में एक नाम उत्तर प्रदेश के मैनपुरी की बालाजी ग्लोबल एकेंडमी की छात्रा अनामिका चौहान का है, जिन्होंने 12वीं बोर्ड की परीक्षा में 99 प्रतिशत अंक प्राप्त कर पूरे डिवीजन में टॉप किया है। अनामिका ने इस पर खुशी जाहिर करते हुए इस उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता के साथ-साथ शिक्षकों के समर्थन और मार्गदर्शन को दिया। उन्होंने अपने लक्ष्य के बारे में बताते हुए कहा कि वो आगे जज बनना चाहती हैं।

अनामिका ने बताया कि वो प्रतिदिन 4 से 5 घंटे सेल्फ-स्टडी किया करती थी। इसी के साथ उन्होंने अपने जूनियर्स को मोबाइल में समय बर्बाद करने के बजाय पढ़ाई करने की सलाह दी है। अनामिका के पिता ने भी बेटी की इस उपलब्धि पर खुशी और गर्व जाहिर किया, जो कि पेशे से एक एडवोकेट हैं।

चंडीगढ़ के सेक्टर 20डी सरकारी स्कूल की छात्रा सरित कौर ने सीबीएसई 12वीं बोर्ड की परीक्षा में 73 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय स्कूल के शिक्षकों और विशेष रूप से प्रधानाचार्य को दिया, जिन्होंने बेहतर अध्ययन के लिए सैंपल पेपर उपलब्ध कराए। सरित आगे बीए एलएलबी करेंगी, और उन्होंने अपने जूनियर्स को सलाह दी कि परिणाम का स्ट्रेस नहीं लेना चाहिए, सिर्फ मन लगाकर मेहनत करनी चाहिए, क्योंकि हार्ड वर्क कभी जाया नहीं जाता।

सेक्टर 20डी सरकारी स्कूल की एक अन्य छात्रा नियति सरोहा ने सीबीएसई 12वीं बोर्ड की परीक्षा में कमाल का प्रदर्शन किया है। उन्होंने मानविकी स्ट्रीम में 91.4 प्रतिशत अंक प्राप्त किए और कहा कि शिक्षकों ने पूरे सत्र के दौरान हमारा साथ दिया और जाहिर है कि मेरे माता-पिता और दोस्तों ने भी मेरा समर्थन किया। नियति आगे सरकारी नौकरी की तैयारी करेंगी।

सीबीएसई 12वीं बोर्ड में दिल्ली के लक्ष्मी नगर स्थित लवली पब्लिक स्कूल के छात्रों ने इस वर्ष एक बार फिर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। इस अवसर पर स्कूल की प्रधानाध्यापिका डॉ. भावना मलिक ने बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को बधाई दी और मिठाई खिलाकर आशीर्वाद दिया।

इस अवसर पर अव्वल रहे विद्यार्थियों ने बोर्ड परीक्षाओं में कीर्तिमान स्थापित करने के लिए विद्यालय के शिक्षकों और प्रशासन का आभार व्यक्त किया। इस दौरान स्कूली विद्यार्थियों ने कहा कि स्कूल में शिक्षकों द्वारा प्रदान की गई शिक्षा बोर्ड परीक्षाओं में सुदृढ़ आधार प्रदान करती है, इसलिए लवली पब्लिक स्कूल में अध्यनरत रहते हुए शिक्षा के क्षेत्र में उन्हें एक नई दिशा प्राप्त हुई है।

स्कूल की एक छात्रा विदिशा ने 12वीं बोर्ड में साइंस स्ट्रीम (पीसीबी) से 96.7 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं, जिसमें उन्होंने 100 में से 100 अंक केमिस्ट्री और 99 अंक बायोलॉजी में हासिल किए हैं। इसी स्कूल के एक अन्य छात्र ने बोर्ड में साइंस स्ट्रीम (पीसीबी) से 97.7 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं, जिसमें उन्होंने 100 में से 100 अंक बायोलॉजी और केमिस्ट्री में 98 अंक स्कोर किए हैं। छात्रा गरिमा ने 98.5 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं, जिसमें उनके केमिस्ट्री और बायोलॉजी दोनों में पूरे 100 में से 100 अंक हैं। इसके अलावा विद्यालय की छात्रा तन्वी खन्ना ने 99.25 प्रतिशत अंक के साथ पूरे स्कूल में पहला स्थान प्राप्त किया है। वहीं, प्रक्षाल जैन ने कॉमर्स स्ट्रीम से बोर्ड में 98.5 प्रतिशत अंक स्कोर किए हैं।

--आईएएनएस

डीके/एबीएम