सीबीएसई 10वीं बोर्ड में दिल्ली के छात्रों का शानदार प्रदर्शन, सीएम रेखा गुप्ता ने जताया गर्व
नई दिल्ली, 15 अप्रैल (आईएएनएस)। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने बुधवार को 10वीं की बोर्ड परीक्षा का परिणाम अपनी आधिकारिक वेबसाइटों के साथ-साथ डिजिलॉकर ऐप और उमंग ऐप पर भी जारी कर दिए हैं। इस वर्ष कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा में विद्यार्थियों का उत्तीर्ण प्रतिशत 93.70 प्रतिशत है, जो कि पिछले वर्ष की उत्तीर्ण प्रतिशत 93.66 प्रतिशत से बेहतर है।
सीबीएसई 10वीं की बोर्ड परीक्षाओं का परिणाम जारी होने के बाद दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर सीबीएई कक्षा 10वीं (सत्र-1) की परीक्षा में सफल होने वाले दिल्ली के सभी प्यारे विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई दी।
उन्होंने कहा, "दिल्ली के विद्यार्थियों ने बुधवार को अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से हम सभी का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है। आपकी यह सफलता आपकी कड़ी मेहनत, समर्पण और अटूट लगन का परिणाम है। इस उपलब्धि का बड़ा श्रेय विद्यार्थियों के शिक्षकों के मार्गदर्शन तथा अभिभावकों के निरंतर सहयोग को भी जाता है।"
उन्होंने आगे कहा, "प्यारे विद्यार्थियों, अपनी इस ऊर्जा, अनुशासन और प्रतिभा को इसी प्रकार बनाए रखें तथा उज्ज्वल भविष्य की ओर निरंतर आगे बढ़ते रहें।"
इसके साथ उन्होंने कहा, "जिन छात्रों को इस बार मन मुताबिक सफलता नहीं मिल पाई, वे निराश न हों। आत्मविश्वास के साथ दोबारा प्रयास करें, सफलता अवश्य मिलेगी। आप सभी को ढेर सारा स्नेह, आशीर्वाद एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए हार्दिक शुभकामनाएं।"
सीएम रेखा गुप्ता के अलावा, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट पर सीबीएसई 10वीं बोर्ड की परीक्षा में उत्तीर्ण छात्रों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा, "केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की कक्षा 10वीं की परीक्षा में सफलता प्राप्त करने वाले सभी विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं। जीवन में सफलता हासिल करने के लिए मेहनत जरूरी है, और आप सबने यह कर दिखाया है।"
--आईएएनएस
डीके/डीकेपी
