सीबीआई ने रिश्वतखोरी मामले में दक्षिण-पूर्वी रेलवे रांची के मुख्य वाणिज्यिक निरीक्षक को गिरफ्तार किया
नई दिल्ली, 25 मार्च (आईएएनएस)। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने दक्षिण-पूर्वी रेलवे, रांची के मुख्य वाणिज्यिक निरीक्षक (सीसीआई) हिमांशु शेखर को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया है।
सीबीआई की टीम ने बुधवार को आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया और एक ट्रैप लगाकर उसे शिकायतकर्ता से 50,000 रुपए की रिश्वत की पहली किस्त लेते हुए पकड़ लिया। आरोप है कि मुख्य वाणिज्यिक निरीक्षक हिमांशु शेखर ने शिकायतकर्ता के लगभग 8.70 लाख रुपए के लंबित बिलों को पास करने के बदले कुल बिल राशि का 10 प्रतिशत रिश्वत मांगी थी।
तय रिश्वत के अनुसार आरोपी ने पहले चरण में 50,000 रुपए की मांग की और ले भी ली। सीबीआई की टीम ने इसी दौरान आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
सीबीआई ने आरोपी के कार्यालय और आवासीय परिसरों में तलाशी ली जा रही है। छापेमारी के दौरान महत्वपूर्ण दस्तावेज और अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। जांच अभी जारी है।
यह कार्रवाई रेलवे विभाग में चल रही रिश्वतखोरी के खिलाफ सीबीआई की सख्त मुहिम का हिस्सा है। रेलवे के वाणिज्यिक विभाग में बिल पास करने, ठेका देने और अन्य कामों में रिश्वत लेने के कई मामले पहले भी सामने आ चुके हैं।
सीबीआई ने स्पष्ट किया है कि आरोपी हिमांशु शेखर, दक्षिण-पूर्वी रेलवे, रांची जोन में मुख्य वाणिज्यिक निरीक्षक के पद पर तैनात थे। उन्होंने अपनी आधिकारिक स्थिति का दुरुपयोग कर ठेकेदार/शिकायतकर्ता से रिश्वत की मांग की थी।
रेलवे सूत्रों के अनुसार, शिकायतकर्ता के बिल लंबे समय से अटके हुए थे और इन्हें पास कराने के लिए आरोपी ने 10 प्रतिशत रिश्वत का प्रस्ताव रखा था। सीबीआई ने शिकायत मिलते ही तुरंत एक्शन लिया और ट्रैप के जरिए पूरे मामले को पकड़ लिया।
अभी तक आरोपी को सीबीआई की हिरासत में रखा गया है। आगे की पूछताछ में और अधिक खुलासे होने की संभावना है। यदि दोष सिद्ध हुआ तो आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
--आईएएनएस
एससीएच
