सीबीआई की कार्रवाई, रिश्वत मामले में केंद्रीय विद्यालय इटारसी के प्रिंसिपल और बिचौलिया गिरफ्तार
भोपाल, 8 अक्टूबर (आईएएनएस)। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने रिश्वत के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए केंद्रीय विद्यालय, इटारसी के प्रिंसिपल और एक बिचौलिए को गिरफ्तार किया है।
दरअसल, सीबीआई ने बुधवार को केंद्रीय विद्यालय के आरोपी प्रिंसिपल के खिलाफ रिश्वत लेने का मामला दर्ज किया। आरोप है कि प्रिंसिपल ने भोपाल की उन फर्मों से 3 लाख रुपए की अनुचित रिश्वत की मांग की थी, जिन्हें स्कूल में रेनोवेशन का काम मिला था।
यह रिश्वत की रकम फर्मों के उन पेंडिंग बिलों का पेमेंट जारी करने के लिए मांगी गई थी, जो स्कूल द्वारा गवर्नमेंट ई-मार्केटप्लेस (जीईएम) के जरिए जारी किए गए वर्क ऑर्डर से जुड़े थे। शिकायत के आधार पर सीबीआई ने जाल बिछाया और आरोपी प्रिंसिपल और बिचौलिए को 3 लाख रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा।
इसी के साथ इटारसी और आगरा में आरोपियों के घर और ऑफिस की तलाशी ली गई और प्रॉपर्टी से जुड़े दस्तावेज जब्त किए गए। वहीं, सीबीआई की ओर से इस मामले से संबंधित आगे की जांच जारी है।
एक दूसरा मामला गुरुवार को ओडिशा से सामने आया, जहां केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने नुआपाडा जिले में एकलव्य मॉडल रेजिडेंशियल स्कूल (ईएमआरएस) के प्रिंसिपल को रिश्वतखोरी के एक मामले में गिरफ्तार किया है।
सीबीआई ने आरोपी प्रिंसिपल के खिलाफ बुधवार को यह मामला दर्ज किया, जिस पर आरोप है कि उसने शिकायतकर्ता से ईएमआरएस, नुआपाडा में ऑक्सिलरी नर्स मिडवाइफरी (एएनएम) के तौर पर उसकी सर्विस बढ़ाने की सिफारिश करने के लिए 20,000 रुपए की रिश्वत मांगी थी।
बातचीत के बाद आरोपी शिकायतकर्ता से 12,000 रुपए लेने को तैयार हो गया। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए सीबीआई ने 7 अक्टूबर को जाल बिछाया और आरोपी प्रिंसिपल को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। सीबीआई द्वारा पकड़े गए व्यक्ति की पहचान ओडिशा के नुआपाड़ा स्थित एकलव्य मॉडल रेजिडेंशियल स्कूल (ईएमआरएस) के प्रिंसिपल सी. कृष्णा मूर्ति नायडू के तौर पर हुई है।
--आईएएनएस
डीके/डीकेपी
