Aapka Rajasthan

सीबीआई अकादमी में अधिकारियों-कर्मियों ने किया योग, मल्टी फंक्शनल जिम और ई-संवाद का हुआ उद्घाटन

नई दिल्ली, 21 जून (आईएएनएस)। सेंट्रल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (सीबीआई) ने रविवार को 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस बहुत उत्साह और अधिकारियों व कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी के साथ मनाया। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में सीबीआई अकादमी में एक सामूहिक योग सत्र आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का नेतृत्व सीबीआई के डायरेक्टर प्रवीण सूद ने किया।
 
इस मौके पर प्रशिक्षकों द्वारा एक गाइडेड योग सत्र आयोजित किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने योग के ताजगी भरे असर को महसूस करने के लिए अलग-अलग योगासन, सांस लेने के व्यायाम और ध्यान की तकनीकों का अभ्यास किया। इस सत्र का मकसद लचीलापन, एकाग्रता और समग्र स्वास्थ्य को बेहतर बनाना था।

"स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग" थीम के साथ इस वर्ष का योग दिवस लोगों का ध्यान केवल जीवनकाल बढ़ाने पर ही नहीं, बल्कि “स्वस्थ जीवनकाल” (हेल्थस्पैन) बढ़ाने की आवश्यकता की ओर भी आकर्षित करता है। निवारक स्वास्थ्य देखभाल, सक्रिय जीवनशैली और समग्र कल्याण को बढ़ावा देकर योग सभी आयु वर्ग के लोगों के जीवन की गुणवत्ता बेहतर बनाने का एक व्यावहारिक मार्ग प्रदान करता है।

इस दौरान सीबीआई अकादमी में सीबीआई के अधिकारियों और कर्मचारियों ने पौधे लगाए। योग दिवस कार्यक्रम के बाद यह आयोजन अकादमी के इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट के लिए एक अहम दिन में बदल गया। सीबीआई के डायरेक्टर प्रवीण सूद ने एक अत्याधुनिक मल्टी-फंक्शनल जिम का उद्घाटन किया, जिसे अधिकारियों और प्रशिक्षु की फिजिकल फिटनेस और सेहत को बढ़ावा देने के लिए डिजाइन किया गया है।

इसी क्रम को आगे बढ़ाते हुए मुख्य अतिथि ने 'ई-संवाद' (स्टूडियो फॉर एडवांस्ड मल्टीमीडिया, वर्चुअल लर्निंग, ऑडियो-विजुअल कंटेंट एंड डिसैमिनेशन) का भी उद्घाटन किया। इसका मकसद 'मिशन कर्मयोगी' के आईजीवोटी प्लेटफॉर्म पर सरकारी अधिकारियों के लिए ई-लर्निंग कंटेंट तैयार करने की जरूरतों को पूरा करना है।

देशभर में सीबीआई के अधीनस्थ और संबद्ध कार्यालयों में भी योग सत्र आयोजित किए गए, जिनमें सीबीआई के वरिष्ठ अधिकारियों और सभी रैंक के कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2015 से हर साल 21 जून को दुनिया भर में मनाया जाता है। इसे योग के फायदों के बारे में जागरुकता फैलाने और लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से मनाया जाता है।

--आईएएनएस

ओपी/पीएम