बुनियादी जरूरतें पूरी करने में नाकाम रहने पर सरकार को याद आते हैं सीएए, एनआरसी और यूसीसी जैसे मुद्दे : कमाल अख्तर
लखनऊ, 1 अक्टूबर (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी द्वारा लोकतंत्र सेनानियों का सम्मान समारोह आयोजित किए जाने पर सपा विधायक कमाल अख्तर ने मौजूदा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आज देश में अघोषित आपातकाल का माहौल है।
आईएएनएस से बातचीत में कमाल अख्तर ने कहा, "कोई भी सरकार रही हो, जब-जब सरकारों ने तानाशाही भरे फैसले लिए, तब-तब समाजवादी पार्टी के नेताओं ने उनके खिलाफ संघर्ष किया है। चाहे मुलायम सिंह यादव रहे हों, जनेश्वर मिश्र रहे हों या अखिलेश यादव हों, सभी ने हमेशा अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने का काम किया है।"
उन्होंने कहा कि आज लोकतंत्र सेनानियों का जो सम्मान हो रहा है, वह इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि इन लोगों ने लोकतंत्र को बचाने के लिए बड़ा संघर्ष किया है। उन्होंने जेलें काटीं, अपने घर-परिवार को छोड़ा। आज भारतीय जनता पार्टी की कई राज्यों में सरकारें हैं, लेकिन केवल उत्तर प्रदेश में ही लोकतंत्र सेनानियों को सम्मान दिया जा रहा है, कहीं और नहीं। हम लोगों ने हमेशा उनका सम्मान किया है।
मौजूदा राजनीतिक हालात की तुलना आपातकाल से करते हुए सपा विधायक ने कहा, "उस समय इमरजेंसी खुलेआम लगी थी, आज इमरजेंसी अघोषित है। आज विपक्ष के लोगों के साथ जुल्म, ज्यादती और अन्याय हो रहा है। पुलिस और प्रशासन के बल पर विपक्ष को दबाया जा रहा है, तो आज भी इमरजेंसी जैसा माहौल है।"
उन्होंने कहा, "हमें युवाओं को दिखाना है कि ये लोकतंत्र सेनानी वो लोग हैं जिन्होंने उस समय तानाशाही के खिलाफ लड़ाई लड़ी थी। अब हम लोगों को तैयार होना है कि उत्तर प्रदेश में जो अघोषित इमरजेंसी लगी है, उसे हटाकर लोकतंत्र को बचाना है और भाजपा को हटाकर समाजवादी पार्टी की सरकार बनानी है।"
पीडीए में मुस्लिम प्रतिनिधित्व के मुद्दे पर उन्होंने कहा, "हर पार्टी का अपना निर्णय होता है। हमें किसी से प्रमाणपत्र की जरूरत नहीं है। जब-जब समय आया है, समाजवादी पार्टी ने बहुत सारे लोगों को विधान परिषद में भेजा है, विधानसभा में टिकट दिया है और राज्यसभा व लोकसभा में भी प्रतिनिधित्व देने का काम किया है।"
अख्तर ने कहा, "अब जो निर्णय है, वह राष्ट्रीय नेतृत्व का निर्णय है और वह सर्वोपरि है। ऐसे लोगों से हमें प्रमाण की जरूरत नहीं है। समाजवादी पार्टी ने हमेशा दलितों, पिछड़ों और अल्पसंख्यकों का साथ दिया है, उनके लिए हमेशा संघर्ष किया है और आगे भी करती रहेगी।"
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के नेता सुनील आंबेकर द्वारा फिर से एनआरसी लागू करने की बात कहे जाने पर सपा विधायक ने भाजपा पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि जब भाजपा सरकारें जनता की बुनियादी जरूरतें पूरी करने में नाकाम होती हैं, तब उसे ऐसे मुद्दे याद आते हैं।
उन्होंने कहा, "आज जरूरत लोगों को रोजगार की है, अच्छे इलाज की है। किसानों को एमएसपी की, उनकी फसल की सही कीमत की, खाद की, अच्छी सड़क की और बाढ़ से बचाव की जरूरत है। जब भारतीय जनता पार्टी अपनी सरकारों में ये सब देने में नाकाम होती है, तो उसे सीएए याद आता है, एनआरसी याद आता है, यूसीसी याद आता है।"
--आईएएनएस
पीआईएम
