बुलंदशहर: पेड़ से लटका मिला प्रेमी और नाबालिग प्रेमिका का शव, इलाके में मची सनसनी
लखनऊ, 29 मई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां पेड़ से लटके प्रेमी-प्रेमिका के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। यह पूरा मामला बुलंदशहर के थाना नरौरा क्षेत्र के गांव पिलखना का है। वहीं, शव मिलने पर लोगों में दहशत का माहौल है।
प्रेमी की पहचान गगन के रूप में हुई, जबकि प्रेमिका के शव की भी पहचान की गई। मामले को लेकर बताया गया कि दो दिन पहले लड़की गायब हो गई थी, जिसके बाद पुलिस गगन और नाबालिग लड़की की तलाश कर रही थी। पुलिस द्वारा की गई प्रारंभिक जांच में यह मामला सुसाइड का प्रतीत हो रहा है।
मौके पर पहुंची एफएसएल की टीम द्वारा जांच के बाद प्रेमी और प्रेमिका के शव दो दिन पुरानी बताई जा रही है। पुलिस ने शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। इसी के साथ मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
मामले को लेकर एसपी देहात अंतरिक्ष जैन ने बताया कि 27 मई को मृतिका के भाई कपिल कुमार ने एक मामला दर्ज कराया था कि गगन नामक एक युवक ने उनकी छोटी बहन को बहला-फुसलाकर घर से भगा लिया है। इसी आधार पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस पिछले दो दिनों से युवक और नाबालिग लड़की की तलाश में थी।
इसी बीच शुक्रवार को युवक और नाबालिग का शव पेड़ से लटका मिला। मौके पर एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया। इसी के साथ घटना को लेकर आगे की जांच जारी है।
बता दें कि प्रेम प्रसंग से संबंधित एक और मामला शुक्रवार को छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से सामने आया, जहां प्रेम प्रसंग के शक में एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोप है कि महिला के पति ने अपने साथियों के साथ मिलकर युवक के सिर पर पत्थर मारकर उसे मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने इस मामले में एक नाबालिग को हिरासत में लेते हुए दो लोगों को भी गिरफ्तार किया है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
--आईएएनएस
डीके/एबीएम
