Aapka Rajasthan

बुलंदशहर में मुठभेड़ में 50 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

बुलंदशहर, 13 अप्रैल (आईएएनएस)। बुलंदशहर के अनूपशहर क्षेत्र में रविवार देर रात पुलिस और एक इनामी बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई, जिसमें 50 हजार का इनामी बदमाश विनोद शर्मा घायल हो गया। उसके कब्जे से तमंचा, कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
 
बुलंदशहर में मुठभेड़ में 50 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

बुलंदशहर, 13 अप्रैल (आईएएनएस)। बुलंदशहर के अनूपशहर क्षेत्र में रविवार देर रात पुलिस और एक इनामी बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई, जिसमें 50 हजार का इनामी बदमाश विनोद शर्मा घायल हो गया। उसके कब्जे से तमंचा, कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

सीओ विकास चौहान ने बताया, अनूपशहर पुलिस और स्वाट टीम रविवार रात बुलंदशहर बस अड्डे पर संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक बाइक सवार युवक को रुकने का इशारा किया गया लेकिन वह पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस टीम ने उसका पीछा किया तो वह संभल रोड की ओर तेजी से भागा। भागने के दौरान हड़बड़ी में वह कब्रिस्तान के पास बाइक सहित गिर पड़ा।

अपने को घिरता देख बदमाश ने पुलिस टीम पर तमंचे से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें बदमाश के पैर में गोली लग गई और वह घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके पर ही दबोच लिया।

पूछताछ में गिरफ्तार बदमाश ने अपनी पहचान विनोद शर्मा निवासी जखेता थाना शिकारपुर, जनपद बुलंदशहर के रूप में बताई। पुलिस के अनुसार, विनोद शातिर किस्म का अपराधी है और वर्ष 2007 में बुलंदशहर न्यायालय परिसर से पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया था। इस मामले में नगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज है।

विनोद पर हत्या समेत आठ से अधिक गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। उसकी गिरफ्तारी के लिए वर्ष 2009 में 50 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। लंबे समय से फरार चल रहे इस अपराधी की गिरफ्तारी पुलिस के लिए बड़ी सफलता मानी जा रही है।

गिरफ्तारी के दौरान उसके पास से एक तमंचा, तीन कारतूस और बाइक बरामद की गई। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

इस ऑपरेशन में कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र कुमार शर्मा, निरीक्षक राजवीर सिंह, उपनिरीक्षक हर्ष मिश्र सहित स्वाट टीम के प्रभारी मोहम्मद असलम और अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस मामले में विधिक कार्रवाई कर रही है।

--आईएएनएस

एसएके/पीएम