बुलंदशहर में भीषण सड़क हादसा, पेड़ से टकराई कार, मासूम समेत पांच की मौत
बुलंदशहर, 16 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में शुक्रवार को दिल्ली-बदायूं हाईवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा नरौरा थाना क्षेत्र में रतनपुर खेड़िया गांव के पास हुआ, जहां कासगंज से बेलोन माता के दर्शन के लिए जा रही ईको कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई।
बुलंदशहर के पुलिस अधीक्षक के जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि ईको कार में कुल आठ लोग सवार थे। वे कासगंज जिले के सिढ़पुरा थाना क्षेत्र के दहेली बुजुर्ग गांव के रहने वाले थे। परिवार बेलोन गांव स्थित सर्वमंगला माता मंदिर में दर्शन करने जा रहा था, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार की रफ्तार काफी तेज थी। पेड़ से टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए। सूचना मिलने पर पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला और एंबुलेंस से डिबाई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने पांच लोगों को मृत घोषित कर दिया। तीन घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया, जिसके बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया गया। हादसे में परिवार के अन्य तीन सदस्य भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
शुरुआती पूछताछ में सामने आया कि परिवार के सदस्य धार्मिक दर्शन के लिए कासगंज से बुलंदशहर आ रहे थे। हादसे की सूचना मृतकों के गांव में परिजनों को दे दी गई है। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजन कासगंज से बुलंदशहर के लिए रवाना हो चुके हैं। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
--आईएएनएस
विकेटी/डीकेपी
