बुजुर्ग माता को कुर्सी वाले बयान पर मजाक से भड़की भाजपा, कहा-संस्कार भूल गई कांग्रेस
हैदराबाद, 20 सितंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा एक कार्यक्रम के दौरान मंच से एक बुजुर्ग माता को कुर्सी देने के लिए कहने वाले बयान का कांग्रेस के 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम के मंच से मजाक उड़ाए जाने को लेकर नया राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है।
आरोप है कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी के इंदौर में आयोजित 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम के दौरान मंच पर मौजूद एक सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर और कॉमेडियन पुलकित मणि ने पीएम मोदी की इस घटना को मजाकिया अंदाज में पेश किया। इस दौरान राहुल गांधी कथित तौर पर हंसते हुए नजर आए, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
इस पूरे मामले पर तेलंगाना भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एन. रामचंदर राव ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। हैदराबाद में आईएएनएस से बात करते हुए उन्होंने कहा, "यह कांग्रेस पार्टी की घटिया राजनीति है। वे हर बार हमारे प्रधानमंत्री की माता का अपमान करने और उन्हें अपशब्द कहने की कोशिश करते हैं।"
राव ने कहा, "राजनीति और लोकतंत्र में, आलोचना या हमला मुद्दों पर, या फिर राजनीतिक और नीतिगत मामलों पर होना चाहिए। दुर्भाग्य से कांग्रेस भारतीय जनता पार्टी के उस प्रधानमंत्री पर हमला कर रही है जो तीन बार चुने गए हैं। लोगों ने उन्हें चुना है। भले ही वे भारतीय जनता पार्टी से हों लेकिन अब वे पूरे देश के प्रधानमंत्री हैं।"
उन्होंने कहा, "और फिर उनकी माता, उनके परिवार का मजाक उड़ाना। लोकतंत्र में ये सब बातें अच्छी नहीं लगतीं। भारतीय जनता पार्टी इसकी निंदा करती है क्योंकि यह उनके कार्यकर्ताओं तक भी यह संदेश पहुंचाता है कि जिनमें संस्कार नहीं हैं, जो महिलाओं और बुजुर्गों का सम्मान करना नहीं जानते। राहुल गांधी के काम, बयान और व्यवहार पूरी तरह से महिलाओं, माताओं और देश की संस्कृति के खिलाफ हैं।"
वहीं, इस विवाद के बीच बीजेपी नेता ने युवा और नशा मुक्ति को लेकर भी संदेश दिया है। रामचंदर राव ने कहा, "आज भारत दुनिया का सबसे बड़ा युवा देश है। यहां सबसे ज्यादा युवा रहते हैं। और ये युवा ही कल का भविष्य हैं। विकसित भारत बनाने में इनका बहुत बड़ा योगदान है। इस योगदान के समय, अगर कोई युवा नशे की लत में पड़ जाता है या ड्रग्स लेने लगता है, तो यह सबसे बड़ा नुकसान न केवल उसके परिवार का, बल्कि पूरे देश का होता है। इसलिए, भारतीय जनता पार्टी की ओर से नितिन नवीन और प्रधानमंत्री ने भी सभी से अपील और अनुरोध किया है कि भारत को नशा-मुक्त बनाएं और हमारे युवाओं को उस रास्ते पर न जाने दें। हम सब मिलकर भारत को नशा-मुक्त बनाएंगे।"
--आईएएनएस
पीआईएम/पीएम
