ब्रिटेन: सफोक के जंगलों में लगी आग, न्यूक्लियर प्लांट भी करीब
लंदन, 30 जुलाई (आईएएनएस)। यूरोप के कई जंगल धधक रहे हैं अब इस फेहरिस्त में ब्रिटेन भी आ गया है। यहां के सफोक तट पर स्थित डनविच हीथ के जंगलों में लगी भीषण आग के बाद अधिकारियों ने 'मेजर इंसीडेंट' घोषित कर दिया है। करीब 90 दमकलकर्मी आग को काबू करने की जद्दोजहद कर रहे हैं। यह आग साइजवेल-बी परमाणु ऊर्जा संयंत्र से लगभग 5 किलोमीटर की दूरी पर है।
सफोक फायर एंड रेस्क्यू सर्विस को बुधवार शाम करीब 5:30 बजे डनविच हीथ, लीस्टन के पास जंगल में आग लगने की सूचना मिली थी। गुरुवार सुबह तक दमकलकर्मी मौके पर डटे रहे। एहतियात के तौर पर कई लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया गया है।
प्रमुख स्थानीय मीडिया आउटलेट द गार्डियन ने दमकल विभाग के हवाले से इसकी जानकारी दी। बताया कि फिलहाल साइजवेल-बी परमाणु संयंत्र को कोई खतरा नहीं है। विभाग के अनुसार आग पूरब की ओर बढ़ रही है और संयंत्र उससे सुरक्षित दूरी पर स्थित है। हालांकि अधिकारियों ने इसे लगातार बदलती स्थिति बताते हुए कहा कि हालात पर पैनी नजर बना कर रखी है।
ऊर्जा कंपनी ईडीएफ ने भी कहा कि जंगल की आग का साइजवेल-बी परमाणु ऊर्जा स्टेशन के संचालन पर कोई असर नहीं पड़ा है। कंपनी ने बताया कि वह स्थिति पर निगरानी रखे हुए है। साथ ही यह भी जानकारी दी गई कि संयंत्र के पास विभिन्न आपात परिस्थितियों, जिनमें आग लगने की स्थिति भी शामिल है, से निपटने के लिए पहले से विस्तृत आपदा प्रबंधन योजना मौजूद है।
दमकलकर्मियों का मुख्य ध्यान आसपास की संपत्तियों को सुरक्षित रखने पर है। यदि मौसम या आग की दिशा प्रतिकूल होती है तो क्लिफ हाउस हॉलिडे पार्क में मौजूद लगभग 200 कारवां (मोबाइल घर) खाली कराए जा सकते हैं। इसके लिए तैयारियां पहले ही कर ली गई हैं।
सफोक फायर एंड रेस्क्यू सर्विस के स्टेशन मैनेजर डैन डेविस ने कहा कि शुरुआती दल जब मौके पर पहुंचा तो उसने तेज हवाओं से फैल रही बड़े पैमाने की जंगल की आग देखी। इसके बाद घटना को 'मेजर इंसीडेंट' घोषित किया गया। उन्होंने कहा कि करीब 90 दमकलकर्मी कठिन परिस्थितियों में लगातार आग पर काबू पाने की कोशिश कर रहे हैं।
लोगों को आगे की जानकारी के लिए वेस्टलटन विलेज हॉल पहुंचने की सलाह दी गई है। आग के फैलाव का आकलन करने और राहत कार्यों में मदद के लिए विशेषज्ञ ड्रोन, ऑल-व्हील ड्राइव यूनिमोग वाहन और 4×4 क्वाड बाइक का भी इस्तेमाल किया जा रहा है।
इस बीच, यूके हेल्थ सिक्योरिटी एजेंसी ने इंग्लैंड के पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी हिस्सों, लंदन तथा ईस्ट मिडलैंड्स के लिए 'एम्बर हीट-हेल्थ अलर्ट' जारी किया है। एजेंसी ने चेतावनी दी है कि बढ़ता तापमान, विशेष रूप से बुजुर्गों और अन्य संवेदनशील समूहों के लिए स्वास्थ्य संबंधी जोखिम बढ़ा सकता है।
उधर, स्कॉटलैंड के केर्नगॉर्म्स क्षेत्र में दो सप्ताह पहले लगी जंगल की आग पर भी दमकलकर्मियों ने उल्लेखनीय प्रगति हासिल करने की जानकारी दी है।
--आईएएनएस
केआर/
