ब्रिक्स समिट से विदेशी व्यापार को मिलेगा बढ़ावा, नेताओं ने जताया भरोसा
नई दिल्ली, 12 सितंबर (आईएएनएस)। ब्रिक्स शिखर सम्मेलन 2026 को लेकर नेताओं की प्रतिक्रिया सामने आई है। तेलंगाना भाजपा अध्यक्ष एन. रामचंद्र राव ने आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा, "यह भारत के लिए गर्व की बात है कि हम नई दिल्ली में ब्रिक्स सम्मेलन की मेजबानी कर रहे हैं।"
एन. रामचंद्र राव ने कहा, "इससे पहले यहां जी20 भी हुआ था। इससे भारत की अर्थव्यवस्था को बहुत मजबूती मिलती है, क्योंकि भारत के साथ व्यापारिक संबंध रखने वाले कई देशों के नेता यहां आ रहे हैं, जिनमें मुख्य रूप से पुतिन और चीन के प्रीमियर शी जिनपिंग शामिल हैं। वे सभी ब्रिक्स में हिस्सा लेने के लिए दिल्ली पहुंचे हैं और यह ब्रिक्स समिट निश्चित रूप से कई अन्य देशों के साथ भारत के विदेशी व्यापार को भी बढ़ावा देगा।"
बिहार सरकार में मंत्री रामकृपाल यादव ने कहा, "प्रधानमंत्री मोदी की अगुवाई में दुनिया के 11 देशों के नेता हर मुद्दे पर चर्चा कर रहे हैं। व्यापार को और कैसे ताकत मिले, इसको लेकर बातचीत की जा रही है। मुझे विश्वास है कि प्रधानमंत्री की पहल पर जिस भावना से सम्मेलन हो रहा है, वह सफल होगा।"
जदयू नेता राजीव रंजन ने आईएएनएस से कहा, "हर थाली में बिहारी व्यंजन होने का बिहार का सपना पूरा हो रहा है। ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में 21 सदस्य देशों के सामने प्रदर्शित किए जा रहे उत्पादों में मखाना और सत्तू को भी शामिल किया जा रहा है। यह बिहार के उत्पादों को वैश्विक स्तर पर मिल रही बढ़ती पहचान को दर्शाता है।"
कांग्रेस नेता सुरेंद्र राजपूत ने कहा, "18वां ब्रिक्स शिखर सम्मेलन है और भारत चौथी बार इसे होस्ट कर रहा है। भारत पहली बार होस्ट नहीं कर रहा है।"
कांग्रेस नेता सुखदेव भगत ने पीएम मोदी की ईरान के राष्ट्रपति से मुलाकात पर कहा, "मेरा मानना है कि संवाद ही किसी भी समस्या का समाधान है। मेरा कहना है कि जो बातचीत हुई है, वो भारत के हित में हो। इनडायरेक्ट तौर पर हॉर्मुज की जो बातें सामने आई हैं, मेरी उम्मीद है कि इस मीटिंग के बाद समुद्री सुरक्षा बरकरार रहे। साथ ही हमारा ट्रेड बढ़े, यह महत्वपूर्ण है।"
--आईएएनएस
एसडी/वीसी
