ब्रिक्स समिट के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस तैयार, 22 डायवर्जन पॉइंट्स के साथ एडवाइजरी जारी: दिनेश कुमार गुप्ता
नई दिल्ली, 9 सितंबर (आईएएनएस)। ब्रिक्स (ब्राजील, रूस, भारत, चीन और दक्षिण अफ्रीका) समिट के लिए ट्रैफिक इंतजामों पर दिल्ली ट्रैफिक जोन 2 के एडिशनल सीपी दिनेश कुमार गुप्ता ने बुधवार को समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा कि ब्रिक्स समिट 11, 12 और 13 सितंबर को भारत मंडपम में होनी है। इसके लिए ट्रैफिक ने अपना एक विस्तृत प्लान बनाया है।
ब्रिक्स समिट में शामिल होने वाले अधिकारियों और मेहमानों के लिए 9 होटलों में रहने का इंतजाम किया गया है। इसके लिए उनके एयरपोर्ट से होटल और होटल से भारत मंडपम का जो रूट है, उसके लिए हमारा स्टाफ तैनात है। ब्रिक्स समिट के लिए हमारे 22 डायवर्जन पॉइंट्स हैं, जिन पॉइंट्स से हमने रूट निर्धारित किया हुआ है कि लोगों को कैसे दिल्ली के विभिन्न कोणों तक ले जाना है।
इसके अतिरिक्त, एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशन के लिए हमने एडवाइजरी जारी की है कि ब्रिक्स समिट के दौरान लोग कैसे और किस रूट से एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशन पहुंच सकते हैं। इसके लिए हमने गूगल मैप्स से भी टाईअप किया है, ताकि लोगों को अपडेट रूट की जानकारी प्राप्त हो सके।
इसके अलावा, ओला, उबर, रैपिडो और भारत टैक्सी से भी हमने टाईअप किए हैं, ताकि आमजन को किसी प्रकार की कोई असुविधा न हो। उन्होंने बताया कि हमारी जो एडवाइजरी है, वह डिटेल्ड है। यह तमाम सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और प्रिंट में है, जिसके माध्यम से हम लोगों को यह बता रहे हैं कि ब्रिक्स समिट के दौरान हमारे कौन-कौन से रूट किस समय प्रभावित रहेंगे, जिससे आम लोगों को कोई असुविधा न हो और हमारा समिट भी सफलतापूर्वक आयोजित हो।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की ओर से दिनेश कुमार गुप्ता ने आईएएनएस के माध्यम से लोगों से अपील की कि हमारे द्वारा तमाम सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और प्रिंट पर जारी एडवाइजरी को ब्रिक्स समिट के दौरान जरूर से फॉलो करें। उन्होंने कहा कि दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की पूरी कोशिश है कि आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो और हमारा समिट भी सफल रहे।
उन्होंने कहा कि हमारी तमाम एजेंसियों से टाईअप है। समिट के दौरान रूट्स पर लोकल पुलिस भी रूट पर मौजूद करेगी। वहीं, फायर बिग्रेड की भी जहां तैनाती होनी है, वहां रहेगा। इसी के साथ दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने अपनी एडवाइजरी में 22 डायवर्जन पॉइंट्स के माध्यम से बताया है कि अगर आपको ब्रिक्स समिट के दौरान नॉर्थ, साउथ, ईस्ट या वेस्ट दिल्ली जाना है तो कौन सा रूट फॉलो करना है।
--आईएएनएस
डीके/डीकेपी
