Aapka Rajasthan

ब्राह्मण समाज का अपमान करने वाले प्रवक्ता पर कार्रवाई करें अखिलेश यादव: अजय राय

वाराणसी, 13 मई (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी के एक नेता द्वारा ब्राह्मणों को दिए गए बयान पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने सपा मुखिया अखिलेश यादव से कार्रवाई की मांग की है।
 
ब्राह्मण समाज का अपमान करने वाले प्रवक्ता पर कार्रवाई करें अखिलेश यादव: अजय राय

वाराणसी, 13 मई (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी के एक नेता द्वारा ब्राह्मणों को दिए गए बयान पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने सपा मुखिया अखिलेश यादव से कार्रवाई की मांग की है।

समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता राजकुमार भाटी ने कुछ दिन पहले ब्राह्मणों को लेकर विवादित बयान दिया था। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में कहा, "मैं अखिलेश यादव से कहूंगा कि वे ऐसे व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें। उन्हें अपने विवेक के अनुसार कार्रवाई करनी चाहिए, क्योंकि जिस समाज के बारे में उन्होंने बात की है, वह वीरता का प्रतीक है। अगर 1857 में मंगल पांडेय ने आवाज नहीं उठाई होती तो अंग्रेजों के खिलाफ विद्रोह नहीं हुआ होता।"

अजय राय ने आगे कहा, "जिस समाज के बाजीराव पेशवा ने पूरे देश में दूसरों की मदद की, झांसी की रानी लक्ष्मी बाई ने आखिरी सांस तक लड़ाई लड़ी। आज उसी समाज को अपमानित करने का काम सपा प्रवक्ता ने किया है। अखिलेश यादव तत्काल कार्रवाई करते हुए सपा प्रवक्ता को पार्टी से निष्कासित करें। इसके साथ ही ऐसे व्यक्ति के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई भी होनी चाहिए।"

भाटी के माफी मांगने पर अजय राय ने कहा कि गाली देने के बाद माफी मांगना उचित नहीं है। अखिलेश यादव को कठोर से कठोर कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने अखिलेश यादव के भाई प्रतीक यादव के निधन पर शोक जताया है।

वहीं, कवि नगर पुलिस ने राजकुमार भाटी पर ब्राह्मणों के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने के आरोप में केस दर्ज किया है। भाजपा नेता अजय शर्मा की शिकायत के आधार पर भाटी के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।

अजय शर्मा ने भाटी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने शिकायत में कहा कि राजकुमार भाटी ने ब्राह्मण समुदाय के खिलाफ ऐसी टिप्पणियां की थीं, जिनसे उनकी धार्मिक भावनाएं आहत हुईं। टिप्पणी का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है।

हालांकि, वीडियो पर भारी विरोध के बाद भाटी ने माफी मांगते हुए कहा कि भाषण के कुछ हिस्सों को चुनिंदा तरीके से काटकर फैलाया गया।

--आईएएनएस

ओपी/डीकेपी