Aapka Rajasthan

बीपीएसएससी भर्ती 2026: एएसआई के 22 पदों पर वैकेंसी का नोटिफिकेशन जारी, जल्द शुरू होंगे आवेदन

पटना, 16 मई (आईएएनएस)। बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग (बीपीएसएससी) ने बिहार पुलिस रेडियो (वितंतु), पटना में सहायक अवर निरीक्षक (तकनीकी) के रिक्त 22 पदों पर प्रतियोगिता परीक्षा के आधार पर सीधी नियुक्ति के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके पात्र उम्मीदवारों से आवेदन आमंत्रित किए हैं।
 
बीपीएसएससी भर्ती 2026: एएसआई के 22 पदों पर वैकेंसी का नोटिफिकेशन जारी, जल्द शुरू होंगे आवेदन

पटना, 16 मई (आईएएनएस)। बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग (बीपीएसएससी) ने बिहार पुलिस रेडियो (वितंतु), पटना में सहायक अवर निरीक्षक (तकनीकी) के रिक्त 22 पदों पर प्रतियोगिता परीक्षा के आधार पर सीधी नियुक्ति के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके पात्र उम्मीदवारों से आवेदन आमंत्रित किए हैं।

असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर (टेक्निकल) के पद पर जो उम्मीदवार नियुक्त होना चाहते हैं, उनके लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 21 मई से शुरू हो जाएगी। फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 21 जून तय की गई है। ऐसे में जो उम्मीदवार एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे आधिकारिक वेबसाइट पर लिंक सक्रिय होने के बाद से तय समय सीमा के अंदर अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं।

आवेदकों के पास किसी राज्य सरकार या केंद्र सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त पॉलिटेक्निक संस्थान से 1 अक्टूबर, 2025 तक इलेक्ट्रॉनिक्स एवं कम्युनिकेशन, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं टेली कम्युनिकेशन, सूचना प्रौद्योगिकी या इलेक्ट्रीकल एवं इलेक्ट्रॉनिक्स में से किसी एक विषय में तीन वर्षीय डिप्लोमा कम से कम 50 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण होना चाहिए।

उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम आयु पुरुष के लिए 37 वर्ष और महिलाओं के लिए 40 वर्ष तय किया गया है, जिसकी गणना 1 अक्टूबर, 2025 के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन प्रारंभिक लिखित परीक्षा, मुख्य लिखित परीक्षा, शारीरिक दक्षता परीक्षण/शारीरिक मानक परीक्षण, चिकित्सा परीक्षण, और दस्तावेज सत्यापन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी वेतन मैट्रिक्स लेवल-5 के तहत होगी।

एप्लीकेशन फॉर्म भरते समय सभी वर्ग के उम्मीदवारों को निर्धारित 100 रुपए आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा। कैंडिडेट्स ध्यान दें कि सफलतापूर्वक रजिस्ट्रेशन फीस के भुगतान के बाद ही आपके आवेदन पत्र को स्वीकार किया जाएगा।

ऑनलाइन आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले बीपीएसएससी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पद के लिए दिए गए सक्रिय आवेदन लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन कर लॉगिन करें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। मांगे गए सभी डॉक्यूमेंट्स को सही साइज में अपलोड करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन फीस का भुगतान कर फॉर्म को सबमिट कर दें। लास्ट में आवेदन पत्र की एक कॉपी का प्रिंट आउट भविष्य के संदर्भ के लिए सुरक्षित निकालकर रख लें।

--आईएएनएस

डीके/वीसी