ई20 पेट्रोल विवाद पर तेल कंपनियों ने जारी किया स्पष्टीकरण, कहा- कर्नाटक में 26-31 प्रतिशत एथेनॉल मिश्रण के दावे भ्रामक
नई दिल्ली, 7 नवंबर (आईएएनएस)। ई20 पेट्रोल की गुणवत्ता को लेकर कर्नाटक में उठे सवालों के बीच सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियों भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल), हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) और इंडियन ऑयल कॉर्प लिमिटेड (आईओसीएल) ने स्पष्टीकरण जारी करते हुए कहा है कि कुछ पेट्रोल पंपों पर ई20 पेट्रोल में 26 से 31 प्रतिशत एथेनॉल मिश्रण होने के दावे निर्धारित परीक्षण मानकों पर आधारित नहीं हैं। कंपनियों ने कहा कि आधिकारिक जांच में ऐसे दावों की पुष्टि नहीं हुई है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी बयान में बीपीसीएल ने कहा, "देश के 27 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से लिए गए 893 नमूनों की जांच की गई, जिनमें कर्नाटक के 56 नमूने भी शामिल थे। सभी नमूने निर्धारित 19 से 21 प्रतिशत एथेनॉल मिश्रण की सीमा के अनुरूप पाए गए।"
कंपनी ने कहा कि उपभोक्ता केवल आधिकारिक और सत्यापित सूचनाओं पर ही भरोसा करें तथा अपुष्ट दावों से प्रभावित न हों।
बीपीसीएल ने यह भी स्पष्ट किया कि एथेनॉल मिश्रण की प्रक्रिया पूरी तरह स्वचालित और कैलिब्रेटेड होती है। रिफाइनरियों और डिपो में यह कार्य मशीनों के जरिए किया जाता है, न कि मैन्युअल रूप से। कंपनी ने बताया कि ईंधन को बाजार में भेजने से पहले उसकी गुणवत्ता की जांच की जाती है ताकि वह आईएस 17021 मानक के अनुरूप हो।
इस बीच, एचपीसीएल ने भी एक बयान जारी करते हुए कहा कि कर्नाटक के कुछ पेट्रोल पंपों पर 26-31 प्रतिशत एथेनॉल मिश्रण की खबरें निर्धारित परीक्षण प्रक्रिया से प्रमाणित नहीं हैं। कंपनी ने दोहराया कि देशभर से लिए गए सभी 893 नमूने निर्धारित मानकों के अनुरूप पाए गए हैं।
एचपीसीएल ने कहा कि इंडियन ऑयल (आईओसीएल), बीपीसीएल और एचपीसीएल ने राज्य सरकार के साथ संयुक्त और पारदर्शी परीक्षण की मांग की है, ताकि इस मुद्दे पर स्वतंत्र और वैज्ञानिक रूप से सत्यापित आकलन किया जा सके।
इसके साथ ही, इंडियन ऑयल कॉर्प लिमिटेड (आईओसीएल) ने भी एक एक्स पोस्ट में कहा, "कर्नाटक के कुछ खुदरा दुकानों पर अत्यधिक इथेनॉल मिलावट के हालिया दावों की पुष्टि निर्धारित प्रक्रियाओं के तहत किए गए परीक्षणों से नहीं होती है। 27 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से लिए गए सभी 893 नमूनों (जिनमें कर्नाटक के 56 नमूने भी शामिल हैं) में इथेनॉल की मात्रा निर्धारित 19-21 प्रतिशत सीमा के भीतर पाई गई। इंडियन ऑयल ने बीपीसीएल और एचपीसीएल के साथ मिलकर राज्य सरकार से तथ्यों की पुष्टि के लिए संयुक्त और पारदर्शी परीक्षण की मांग की है। इंडियन ऑयल ईंधन की गुणवत्ता, पारदर्शिता और ग्राहकों के भरोसे के प्रति दृढ़ है। हम ग्राहकों से आधिकारिक स्रोतों से प्राप्त सत्यापित जानकारी पर भरोसा करने का आग्रह करते हैं।"
कंपनियों का कहना है कि वे ईंधन की गुणवत्ता, नियामकीय अनुपालन और उपभोक्ता विश्वास के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने आग्रह किया है कि उपभोक्ता केवल आधिकारिक स्रोतों से प्राप्त जानकारी पर ही भरोसा करें और सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से प्रसारित अपुष्ट दावों से बचें।
--आईएएनएस
डीबीपी
