बॉक्सिंग आधारित शो 'ग्लोरी' को लेकर बोले पुलकित सम्राट, 'सफलता पाने के लिए जुनून जरूरी'
मुंबई, 16 मई (आईएएनएस)। बॉलीवुड अभिनेता पुलकित सम्राट इन दिनों अपने नए शो 'ग्लोरी' को लेकर चर्चा में हैं। इस सीरीज में वह रविंदर नामक बॉक्सर की भूमिका निभा रहे हैं। सीरीज में उनके काम को लोग काफी पसंद कर रहे है। इस बीच पुलकित ने आईएएनएस संग बातचीत में सफलता, जुनून और चुनौतियों को लेकर खुलकर अपनी राय साझा की।
आईएएनएस से बात करते हुए पुलकित सम्राट ने कहा, ''अगर किसी इंसान को जिंदगी में कुछ बड़ा हासिल करना है, तो उसके अंदर जुनून होना बहुत जरूरी है। चाहे कोई कलाकार हो या खिलाड़ी, बिना पूरी लगन और समर्पण के सफलता हासिल करना मुश्किल होता है। सिर्फ सपना देखना काफी नहीं है बल्कि उस सपने को पूरा करने के लिए खुद को पूरी तरह उस काम में लगाना पड़ता है। जब इंसान किसी लक्ष्य को लेकर पूरी तरह समर्पित हो जाता है, तभी वह असली मायने में आगे बढ़ पाता है।''
पुलकित ने कहा, ''जुनून के साथ-साथ मेहनत और समय देना भी जरूरी होता है। अगर इंसान मेहनत नहीं करेगा, तो सिर्फ इच्छा रखने से कोई सफलता नहीं मिल सकती। हर दिन खुद पर काम करना, लगातार अभ्यास करना और अपने लक्ष्य के लिए समय देना बेहद जरूरी है। सफलता उन्हीं लोगों को मिलती है, जो अपने काम को पूरी ईमानदारी और अनुशासन के साथ करते हैं।''
उन्होंने कहा, ''इंसान को अपनी सोच भी बदलनी पड़ती है। अगर कोई व्यक्ति अपने लक्ष्य को लेकर गंभीर है, तो उसे मानसिक रूप से भी मजबूत बनना होगा। कई बार जिंदगी अचानक ऐसे हालात सामने लाती है, जो इंसान की परीक्षा लेते हैं। ऐसे समय में ही पता चलता है कि व्यक्ति कितना मजबूत है और वह मुश्किलों का सामना कैसे करता है।''
पुलकित ने आगे कहा, ''जिंदगी में आने वाली चुनौतियां इंसान के चरित्र को भी सामने लाती हैं। मुश्किल वक्त में इंसान के सामने दो रास्ते होते हैं। पहला रास्ता नकारात्मक सोच की तरफ जाता है, जहां इंसान हार मान लेता है। दूसरा रास्ता वह होता है, जहां इंसान कठिन परिस्थितियों के बावजूद सही सोच और अच्छे व्यवहार को बनाए रखता है। यही फैसला तय करता है कि इंसान आगे जाकर कितना सफल और मजबूत बनेगा।''
उन्होंने कहा, ''हर व्यक्ति की सोच अलग होती है और हर कोई अपनी जिंदगी को अलग तरीके से देखता है। मेहनत, सही सोच और मजबूत नैतिकता ऐसी चीजें हैं, जो हर इंसान को सफलता की तरफ ले जा सकती हैं। असली जीत सिर्फ नाम और पैसा हासिल करना नहीं बल्कि मुश्किल समय में भी खुद को सही रास्ते पर बनाए रखना सबसे बड़ी जीत मानी जाती है।''
--आईएएनएस
पीके/पीएम
