बोकारो में कूलिंग पौंड से 20 वर्षीय युवक का शव बरामद, आत्महत्या की आशंका
बोकारो, 11 सितंबर (आईएएनएस)। झारखंड के बोकारो में जनरल अस्पताल के सामने स्थित कूलिंग पौंड से शुक्रवार को 20 वर्षीय युवक का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान सेक्टर-9, स्ट्रीट-11, आवास संख्या 134 निवासी रोहन कालिंदी के रूप में हुई है। वह बिशु कुमार का पुत्र था और सिटी कॉलेज में स्नातक की पढ़ाई कर रहा था।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को टाइगर मोबाइल के जवान इलाके में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान स्थानीय लोगों ने कूलिंग पौंड में शव पड़े होने की सूचना उन्हें दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को पानी से बाहर निकाला।
बताया गया कि रोहन गुरुवार शाम से घर से लापता था। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चला। रात में कूलिंग पौंड के पास उसकी टोपी और चप्पल रखे होने की जानकारी मिली थी। शुक्रवार सुबह पौंड में युवक का शव पानी में उपलाता दिखाई दिया, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। रोहन के मामा अशोक कालिंदी ने बताया कि वह परिवार में सबसे छोटा था। वह सिटी कॉलेज में ग्रेजुएशन की पढ़ाई कर रहा था।
उनके अनुसार, पिछले कुछ दिनों से रोहन काफी शांत रह रहा था। जब भी उसे कोई परेशानी होती थी, वह सेक्टर-4 स्थित अपने मामा के घर आता था। शव मिलने की सूचना के बाद रोहन के परिजन भी मौके पर पहुंचे। शव देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
सेक्टर-4 थाना के एसआई एमए हक ने बताया कि प्रथमदृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, युवक ने यह कदम क्यों उठाया, इसका तत्काल पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।
--आईएएनएस
एसएनसी/डीकेपी
