बोकारो: फुटबॉल मैच के दौरान टकराने के बाद मैदान पर गिरा खिलाड़ी, इलाज के दौरान मौत
बोकारो, 26 सितंबर (आईएएनएस)। बोकारो में आयोजित एक फुटबॉल मैच के दौरान दुखद हादसा हो गया। मैच खेल रहे 37 वर्षीय फुटबॉल खिलाड़ी कजरा मुर्मु की मैदान पर चोटिल होने के बाद मौत हो गई। यह घटना बोकारो थर्मल थाना क्षेत्र के नई बस्ती मैदान की है, जहां बजरंग क्लब की ओर से तीन दिवसीय डे-नाइट फुटबॉल प्रतियोगिता आयोजित की जा रही थी।
मैच के दौरान गोमिया के खंभरा बस्ती निवासी कजरा मुर्मु दूसरे खिलाड़ी से टकराने के बाद बेहोश होकर मैदान में गिर पड़े। इसके बाद कजरा को डीभीसी अस्पताल ले जाया गया। जहां डाक्टर्स ने उनका इलाज शुरू किया, लेकिन इस बीच देर रात कजरा मुर्मु ने दम तोड़ दिया।
मौत की सूचना मिलने के बाद मृतक के परिजनों के साथ बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और खेल प्रेमी अस्पताल पहुंच गए। घटना से आक्रोशित लोगों ने मृतक के परिजनों को मुआवजा दिलाने की मांग को लेकर अस्पताल परिसर में हंगामा किया। लोगों ने परिवार को उचित आर्थिक सहायता देने और घटना की जांच करने की मांग की। बताया गया कि मृतक कजरा मुर्मु के परिवार में एक पुत्र और एक पुत्री हैं। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। वहीं, स्थानीय पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की छानबीन की जा रही है।
घटना के बाद आयोजन समिति ने टूर्नामेंट को रद्द करने का फैसला लिया। टूर्नामेंट के रद्द होने की जानकारी मिलते ही खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में भी मायूसी छा गई। खेल प्रेमियों ने कजरा मुर्मु के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना जताई। लोगों ने दिवंगत की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
--आईएएनएस
आरएसजी
