बोर्ड के नतीजों के बाद छत्तीसगढ़ सरकार की घोषणा, मेरिट में आए छात्रों को दिखाया जाएगा आईपीएल मैच
रायपुर, 3 मई (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ सरकार ने 10वीं और 12वीं के बोर्ड नतीजों में मेरिट में आए छात्रों को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 का मैच दिखाने का फैसला किया है। यह छात्र 10 मई को रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुर (आरसीबी) के बीच मुकाबले का लुत्फ उठाएंगे। छत्तीसगढ़ शिक्षा विभाग ने सभी जिलों के शिक्षा अधिकारी को इस संबंध में आदेश जारी किया है।
साल 2026 में छत्तीसगढ़ बोर्ड में 10वीं में करीब 3 लाख 21 हजार छात्रों ने परीक्षा दी थी, जिसमें 77.15 प्रतिशत छात्र पास हुए। इनमें 42 छात्र मेरिट में आए, जिनमें 26 लड़कियां शामिल हैं। दूसरी ओर, 12वीं की परीक्षा में करीब 2.44 लाख छात्र शामिल हुए, जिनमें 83.04 प्रतिशत सफल रहे थे।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं का परिणाम जारी होने के बाद सफल हुए सभी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए इस उपलब्धि को राज्य के शिक्षा तंत्र, शिक्षकों और अभिभावकों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताया था। मुख्यमंत्री साय ने इस सफलता को केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि प्रदेश के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया था। सरकार ने टॉपर्स को प्रतिभावान छात्र प्रोत्साहन योजना के तहत एक से डेढ़ लाख रुपए का इनाम देने की घोषणा भी की है।
इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में अब तक कुल 45 मैच खेले जा चुके हैं। फिलहाल प्वाइंट्स टेबल में पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) 8 में से 6 मुकाबले जीतकर प्वाइंट्स टेबल में शीर्ष पर कायम है। 10 मई को दो मुकाबले खेले जाने हैं। शाम का मुकाबला रायपुर में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) और मुंबई इंडियंस (एमआई) के बीच खेला जाना है। आरसीबी फिलहाल 9 में से 6 मुकाबले जीतकर प्वाइंट्स टेबल में दूसरे स्थान पर मौजूद है, जबकि मुंबई इंडियंस 9 में से 7 मैच गंवाकर 9वें पायदान पर है। एमआई इस मुकाबले को जीतकर प्वाइंट्स टेबल में अपनी स्थिति सुधारना चाहेगी।
--आईएएनएस
आरएसजी
