भाजपा शासित राज्यों के सीएम और डिप्टी सीएम की उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन से मुलाकात
नई दिल्ली, 28 मई (आईएएनएस)। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और ओडिशा के उपमुख्यमंत्री कनक वर्धन सिंह देव ने गुरुवार को उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन से मुलाकात की। उपराष्ट्रपति कार्यालय ने तस्वीर शेयर कर इसकी जानकारी दी।
उपराष्ट्रपति कार्यालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन से उपराष्ट्रपति भवन में मुलाकात की।
उन्होंने दूसरे एक्स पोस्ट में कहा कि ओडिशा के उपमुख्यमंत्री कनक वर्धन सिंह देव ने उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन से उपराष्ट्रपति भवन में मुलाकात की।
एक दिन पहले उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण तथा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री बीएल वर्मा ने बुधवार को उपराष्ट्रपति भवन में उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन से भेंट की।
बता दें कि उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन 29 से 31 मई तक कर्नाटक, गोवा और केरल का तीन दिवसीय दौरा करेंगे। इस दौरान वे कई शैक्षणिक, सांस्कृतिक और औद्योगिक कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, 29 मई को उपराष्ट्रपति बेंगलुरु (कर्नाटक) में आर्ट ऑफ लिविंग फाउंडेशन की 45वीं वर्षगांठ के वैश्विक समारोह में शामिल होंगे। इसके बाद वे दावणगेरे स्थित यूनिवर्सिटी बीडीटी कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग के प्लेटिनम जुबली समारोह में भी भाग लेंगे। वह 30 मई को गोवा के पणजी में राज्य स्थापना दिवस समारोह में हिस्सा लेंगे। इसके बाद वे गोवा स्थित सीएसआईआर–नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ ओशनोग्राफी का दौरा करेंगे।
उपराष्ट्रपति 31 मई को कर्नाटक के धर्मस्थल स्थित श्री क्षेत्र धर्मस्थला मंजनाथ स्वामी मंदिर में दर्शन करेंगे। इसके बाद वे बेलथंगडी में एसआईआरआई इंडस्ट्रियल पार्क का उद्घाटन करेंगे। वह 31 मई को ही केरल जाएंगे, जहां वे कोट्टायम में दीपिका मलयालम दैनिक के 140वें स्थापना वर्ष समारोह का उद्घाटन करेंगे। इसके अलावा वे कन्नूर में एक निजी कार्यक्रम में भी शामिल होंगे, जिसका आयोजन राज्यसभा सांसद सी. सदानंद मास्टर द्वारा किया गया है।
उनका यह दौरा शिक्षा, संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और औद्योगिक विकास से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों को कवर करेगा। इससे पहले उपराष्ट्रपति 3 से 4 नवंबर, 2025 तक दो दिवसीय केरल यात्रा पर गए थे।
--आईएएनएस
डीकेपी/
