भाजपा सांसदों ने विपक्ष पर संसद का 'मजाक उड़ाने' का लगाया आरोप, कहा- 'वो सदन नहीं चलने दे रहे'
नई दिल्ली, 3 अगस्त (आईएएनएस)। संसद के मानसून सत्र के दौरान भाजपा सांसदों ने आरोप लगाया कि विपक्ष संसद की कार्यवाही बाधित कर लोकतांत्रिक संस्थाओं की गरिमा को नुकसान पहुंचा रहा है। इसके साथ ही राउज एवेन्यू कोर्ट के फैसले, समान नागरिक संहिता (यूसीसी) और अन्य समसामयिक मुद्दों पर भी सांसदों ने अपनी प्रतिक्रिया दी।
भाजपा सांसद मनन कुमार मिश्रा ने विपक्ष पर संसद का 'मजाक उड़ाने' का आरोप लगाते हुए कहा कि पिछले 10-15 दिनों से विपक्ष ने सदन की कार्यवाही सुचारु रूप से नहीं चलने दी। सरकार केवल कुछ आवश्यक विधेयकों को ही किसी तरह पारित करा सकी, जिनमें नीट पेपर लीक से संबंधित विधेयक भी शामिल है। यदि विपक्ष संसद में काम ही नहीं करना चाहता तो जनता सोचने पर मजबूर होगी कि उन्हें वोट क्यों दिया गया।
राउज एवेन्यू कोर्ट द्वारा पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह को बरी किए जाने के फैसले पर मनन कुमार मिश्रा ने कहा कि न्यायालय के निर्णय का सम्मान किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि अदालत ने अपना फैसला दिया है और यदि किसी पक्ष को आपत्ति है तो उसके पास हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में अपील करने का अधिकार है। न्यायिक प्रक्रिया अभी पूरी तरह समाप्त नहीं हुई है और आगे की कार्रवाई कानून के अनुसार होगी।
भाजपा सांसद दिनेश शर्मा ने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) के मुद्दे पर कहा कि एक देश में रहने वाले लोगों के लिए समान भाषा, समान व्यवहार और समान आचरण आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में यूसीसी लागू किया जा चुका है और असम भी इस दिशा में आगे बढ़ रहा है। इस व्यवस्था से सभी नागरिकों को समान अधिकार मिलेंगे और सरकार के सकारात्मक कदमों का समर्थन किया जाना चाहिए।
संसद में विपक्ष के प्रदर्शन पर निशाना साधते हुए दिनेश शर्मा ने कहा कि विपक्ष के नेता सदन की कार्यवाही में गंभीरता से भाग नहीं लेते। उनका आरोप था कि वे केवल कुछ समय के लिए संसद में आते हैं, नारेबाजी करते हैं और फिर बाहर जाकर प्रदर्शन करते हैं। उन्होंने विपक्ष के इस रवैये पर कटाक्ष करते हुए कहा कि उन्हें राजनीति छोड़कर किसी थिएटर ग्रुप में शामिल हो जाना चाहिए।
बृजभूषण शरण सिंह से जुड़े मामले में राउज एवेन्यू कोर्ट के फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए दिनेश शर्मा ने कहा कि पहले इस मामले को लेकर काफी चर्चाएं होती थीं, लेकिन उनका मानना है कि बृजभूषण महिलाओं का सम्मान करते हैं और यह उनके व्यवहार में भी दिखाई देता है। उन्होंने न्यायपालिका को निष्पक्ष बताते हुए अदालत के फैसले का स्वागत किया।
वहीं, निर्दलीय सांसद पप्पू यादव पर भाजपा नेता एस.पी. सिंह बघेल ने निशाना साधा। उन्होंने कहा कि संसद किसी प्रकार का नाटक करने की जगह नहीं है। उनके अनुसार भगवा वस्त्र पहनकर संतों की मिमिक्री करना अनुचित है और इस प्रकार का आचरण संसदीय गरिमा के अनुरूप नहीं है।
--आईएएनएस
एसएके/एबीएम
