कोलकाता : भाजपा नेता ने प्रगति मैदान पुलिस स्टेशन में ममता बनर्जी के खिलाफ दर्ज कराई शिकायत
कोलकाता, 30 मई (आईएएनएस)। भाजपा नेता नाजिया इलाही खाने ने पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और टीएमसी विधायक जावेद अहमद खान के खिलाफ प्रगति मैदान पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है।
उन्होंने शिकायत पत्र में आरोप लगाया गया है कि ममता बनर्जी और जावेद अहमद खान ने कुरान के नियमों का उल्लंघन किया, सांप्रदायिक धमकियां दीं और नमाज अदा करने के लिए रेड रोड का दुरुपयोग किया।
नाजिया इलाही खान की ओर से शिकायत पत्र में लिखा गया, "2012 से 2025 तक, टीएमसी पार्टी के विधायक जावेद अहमद खान ने रेड रोड पर होने वाली नमाज को एक राजनीतिक सभा में बदल दिया। उस खास मौके पर, ममता बनर्जी ने रेड रोड पर ईद की नमाज के लिए जमा हुए मुस्लिम पुरुषों की मौजूदगी में बार-बार हिंदू धर्म का अपमान किया, जो कुरान और इस्लाम के सिद्धांतों के खिलाफ था।"
शिकायत पत्र में लिखा गया, "ममता बनर्जी के नफरत भरे भाषण, जावेद अहमद खान की उकसाने वाली हरकतें, और मुस्लिम खिलाफत कमेटी की इस्लाम और कुरान विरोधी गतिविधियों के कारण, पूरे पश्चिम बंगाल में सभी मुसलमानों का नाम बदनाम हुआ है; उनकी ओर से इस्लाम को भी बदनाम किया गया है। मैं इस बात से बहुत आहत हूं, क्योंकि मैं खुद एक इस्लाम का पालन करने वाली मुसलमान हूं।"
शिकायत पत्र में आगे कहा गया, "हर बार ममता बनर्जी ने ईद की नमाज के दौरान उसी रेड रोड स्थल से मुसलमानों को हिंदुओं के खिलाफ उकसाया है।"
बता दें कि इस बार बकरीद के मौके पर रेड रोड पर नमाज अदा नहीं की गई है। पश्चिम बंगाल सरकार की ओर से स्पष्ट निर्देश था कि सड़क पर नमाज अदा नहीं की जाएगी। इस वर्ष रेड रोड की जगह पहली बार बकरीद की सामूहिक नमाज कोलकाता के ब्रिगेड परेड मैदान में पढ़ी गई। जबकि इससे पहले टीएमसी सरकार के वक्त रेड रोड पर नमाज अदा की जाती थी।
--आईएएनएस
एसडी/एएस
