भाजपा नेता किरिट सोमैया ने ब्लॉसम स्कूल के खिलाफ दर्ज कराई शिकायत, ट्रस्टियों पर लगाए गंभीर आरोप
मुंबई, 15 जून (आईएएनएस)। मुंबई के गोवंडी में स्थित बैंगनवाड़ी में स्थित ब्लॉसम इंग्लिश स्कूल को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। स्कूल की वैधता और संचालन को लेकर उठे सवालों के बीच भारतीय जनता पार्टी नेता किरिट सोमैया ने शिवाजी नगर पुलिस स्टेशन में स्कूल के ट्रस्टियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि स्कूल की स्थापना और संचालन को लेकर दस्तावेजों में गंभीर अनियमितताएं और फर्जीवाड़ा किया गया है। दावा किया गया है कि स्कूल ने प्रवेश और लीविंग सर्टिफिकेट में अलग-अलग वर्षों का उल्लेख कर भ्रम पैदा किया है, जिससे सरकारी दस्तावेजों के दुरुपयोग की आशंका जताई गई है।
मामले में मुंबई महानगरपालिका ने पहले ही 2 मार्च 2026 को स्कूल को बंद करने का नोटिस जारी किया था। इसके बावजूद स्कूल के संचालन जारी रहने के आरोप भी लगाए गए हैं।
शिकायत में स्कूल के ट्रस्टियों-नजमुस्सहर अब्दुल जब्बार खान, जबीउल्लाह अंसारी (बल्लू) और मौलाना मोहम्मद आरिफ साकिबी के नाम शामिल हैं। शिकायतकर्ता ने इन पर फर्जी दस्तावेज तैयार करने, धोखाधड़ी और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
किरिट सोमैया द्वारा पुलिस को दिए गए पत्र में कहा गया है कि स्कूल को आरटीई एक्ट 2009 के तहत अवैध घोषित किया गया है और इसके बावजूद स्कूल का संचालन जारी है। पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि स्कूल द्वारा जारी दस्तावेजों का उपयोग सरकारी लाभ और अन्य अधिकार प्राप्त करने में किया गया हो सकता है।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि स्कूल के खिलाफ पहले से कई नोटिस और पत्राचार किए जा चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद कथित अवैध गतिविधियां जारी हैं। आरोप है कि यह स्थिति छात्रों के भविष्य के साथ भी खिलवाड़ कर सकती है क्योंकि ऐसे संस्थानों के छात्रों को आगे की शिक्षा और परीक्षाओं में समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।
इस मामले में निष्पक्ष जांच और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है और पुलिस से आग्रह किया गया है कि मामले में संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर विस्तृत जांच की जाए।
--आईएएनएस
एएमटी/वीसी
