भाजपा ने हमेशा सभी समुदायों का सम्मान किया : मनोज पांडेय
लखनऊ, 12 जून (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री मनोज कुमार पांडेय को राष्ट्रीय ब्राह्मण सभा की ओर से शुक्रवार को आशीर्वाद समारोह में सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मंत्री ने युवा ब्राह्मण छात्रों को भी सम्मानित किया।
समारोह में बड़ी संख्या में ब्राह्मण समाज के लोग और बटुक मौजूद रहे।
मीडिया से बातचीत के दौरान कैबिनेट मंत्री मनोज कुमार पांडेय ने कहा कि भाजपा ने हमेशा सभी समुदायों का सम्मान किया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि इन नेताओं को जनता का लगातार समर्थन मिल रहा है।
समारोह का जिक्र करते हुए मंत्री पांडेय ने कहा कि यह तो अपने लोगों ने आशीर्वाद देने के लिए कार्यक्रम रखा है, मैं सबके प्रति नतमस्तक हूं और आभार जताता हूं। हमें इन लोगों से प्रेरणा मिलती है और हम सभी के विकास के लिए काम करते हैं।
उन्होंने पीएम मोदी के 12 वर्ष के कार्यकाल को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में एक सोच है जो विकास में विश्वास करती है। उन्होंने कहा कि देश की संस्कृति, विरासत और परंपराओं को बचाने और आगे बढ़ाने का काम पीएम मोदी और सीएम योगी ही कर सकते हैं।
उन्होंने समाजवादी पार्टी पर तंज कसते हुए कहा कि वे क्या कहते हैं कि हम इस पर नहीं जाते हैं। संतों, आचार्यों, महामंडलेश्वरों और विद्वानों का सम्मान करना समाज का दायित्व है। भारत की सांस्कृतिक पहचान और आध्यात्मिक परंपराओं को जीवित रखने में इनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
उन्होंने कहा कि भारत की संस्कृति, विरासत और परंपराओं को संरक्षित और आगे बढ़ाने वाले लोगों का सम्मान करना सभी का दायित्व है।
दूसरी ओर, प्रधानमंत्री मोदी के 12 वर्ष के सफल कार्यकाल को लेकर यूपी भाजपा की ओर से कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। लखनऊ में मीडिया संवाद आयोजित किया गया। इस संवाद के दौरान पीएम मोदी के कार्यकाल के दौरान लिए गए ऐतिहासिक फैसलों के साथ सरकार की योजनाओं के बारे में विस्तार से चर्चा की गई।
--आईएएनएस
डीकेएम/एबीएम
