Aapka Rajasthan

भाजपा ने अनंतनाग जिले के नौ पदाधिकारियों को तत्काल प्रभाव से किया निलंबित

अनंतनाग, 7 अगस्त (आईएएनएस)। भाजपा कश्मीर ने दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग में अपमानजनक नारे लगाने के कारण 9 सदस्यों को निलंबित कर दिया है और अनंतनाग में बिना इजाज़त हुई रैली के दौरान की गई टिप्पणियों की निंदा की है।
 

अनंतनाग, 7 अगस्त (आईएएनएस)। भाजपा कश्मीर ने दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग में अपमानजनक नारे लगाने के कारण 9 सदस्यों को निलंबित कर दिया है और अनंतनाग में बिना इजाज़त हुई रैली के दौरान की गई टिप्पणियों की निंदा की है।

भाजपा कार्यालय की ओर से जारी आदेश में कहा गया है, "भाजपा अनंतनाग की जिला इकाई के ध्यान में यह बात आई है कि 5 अगस्त को हाउसिंग कॉलोनी खानाबल में एक अनधिकृत तिरंगा रैली आयोजित की गई थी। यह रैली न तो भाजपा जिला इकाई अनंतनाग द्वारा आयोजित या अधिकृत थी और न ही इसके लिए जिला प्रशासन से जरूरी अनुमति ली गई थी। जिला इकाई इस रैली के दौरान हमारी माताओं और बहनों के खिलाफ कथित तौर पर की गई आपत्तिजनक और अपमानजनक टिप्पणियों का भी कड़ा संज्ञान लेती है। ऐसा आचरण पूरी तरह से अस्वीकार्य है और भारतीय जनता पार्टी के मूल्यों, अनुशासन, गरिमा और सिद्धांतों के खिलाफ है।"

पत्र में आगे कहा, " भारतीय जनता पार्टी जम्मू एवं कश्मीर केन्द्र शासित प्रदेश के राज्य महासचिव (संगठन) अशोक कौल, राज्य महासचिव अनवर खान,राज्य प्रवक्ता और प्रभारी (जिला अनंतनाग) अल्ताफ ठाकुर और जिला कोर कमेटी, अनंतनाग के साथ विस्तृत विचार-विमर्श के बाद सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया है कि अनधिकृत रैली के आयोजन और उसमें भाग लेने के लिए ज़िम्मेदार पाए गए लोगों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए।"

आदेश में कहा गया है कि निसार अहमद भट (जिला महासचिव), खुर्शीद अहमद (जिला सचिव), आबिदा रफीक (जिला सचिव), इरशाद अहमद मलिक (निर्वाचन क्षेत्र अध्यक्ष, शांगस) मोहम्मद मकबूल गनी (पूर्व जिला उपाध्यक्ष), वहीद अहमद इटू (भाजपा पहलगाम निर्वाचन क्षेत्र अध्यक्ष), निसार अहमद हकीम (जिला सचिव भाजपा अनंतनाग), फिरोज अहमद हजाम (जिला सचिव किसान मोर्चा) और सबरूजा अख्तर (जिला सचिव महिला मोर्चा अनंतनाग) को तत्काल प्रभाव से उनके सभी पार्टी पदों और जिम्मेदारियों से हटा दिया गया है। अगले आदेश तक भारतीय जनता पार्टी की उनकी प्राथमिक सदस्यता निलंबित कर दी गई है।

इसके अलावा भाजपा ने साफ किया है कि अल्वीर अहमद डार और फैंसी अख्तर का भारतीय जनता पार्टी की अनंतनाग ज़िला इकाई से किसी भी तरह का कोई संबंध नहीं है। ये भाजपा की अनंतनाग जिला इकाई में किसी भी संगठनात्मक पद या जिम्मेदारी पर नहीं हैं।

--आईएएनएस

ओपी/पीएम