Aapka Rajasthan

संसद में शिक्षा, पेपर लीक और विपक्ष के रवैये पर एनडीए सांसद बोले-विपक्ष नहीं कर रहा चर्चा, जनता को कर रहा गुमराह

नई दिल्ली, 28 जुलाई (आईएएनएस)। संसद के मानसून सत्र के दौरान शिक्षा और परीक्षा प्रणाली से जुड़े मुद्दों पर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। एनडीए के सांसदों ने विपक्ष पर सदन की कार्यवाही बाधित करने का आरोप लगाया। वहीं, राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने पंजाब में कथित पेपर लीक मामलों को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) सरकार और अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा है।
 

नई दिल्ली, 28 जुलाई (आईएएनएस)। संसद के मानसून सत्र के दौरान शिक्षा और परीक्षा प्रणाली से जुड़े मुद्दों पर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। एनडीए के सांसदों ने विपक्ष पर सदन की कार्यवाही बाधित करने का आरोप लगाया। वहीं, राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने पंजाब में कथित पेपर लीक मामलों को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) सरकार और अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा है।

भाजपा सांसद अरुण गोविल ने आईएएनएस से कहा कि विपक्ष ने पहले चर्चा के लिए तैयार होने की बात कही थी लेकिन अब बार-बार अपने रुख से पीछे हट रहा है। उन्होंने कहा कि छात्रों और युवाओं से जुड़ा यह विधेयक बेहद महत्वपूर्ण है और इस पर गंभीर चर्चा होनी चाहिए।

अरुण गोविल ने दावा किया कि केंद्र सरकार ने युवाओं के हित में कई ठोस कदम उठाए हैं। उन्होंने युवाओं से राजनीति से दूर रहने और अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सरकार पर भरोसा रखने की अपील करते हुए कहा कि सरकार का दृष्टिकोण सकारात्मक है।

वहीं, राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने पंजाब में पिछले पांच वर्षों के दौरान कथित तौर पर छह बार पेपर लीक होने और बड़े पैमाने पर नकल कराने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इन मामलों में अब तक किसी की जवाबदेही तय नहीं की गई है। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान इन घटनाओं से इनकार कर रहे हैं, जबकि वास्तविकता इससे अलग है।

स्वाति मालीवाल ने आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल पर भी निशाना साधते हुए कहा कि पंजाब के मुद्दे पर उन्होंने पूरी तरह चुप्पी साध रखी है। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा में जवाबदेही की मांग को लेकर अभियान चलाने वाले लोग पंजाब में कथित पेपर लीक के मामलों पर कुछ नहीं बोल रहे हैं। साथ ही, उन्होंने दावा किया कि केजरीवाल ने अपने सहयोगियों के माध्यम से एक संगठन खड़ाकर शिक्षा के मुद्दे पर माहौल बनाने की कोशिश की लेकिन पंजाब के मामलों में वही लोग मौन हैं।

इसी मुद्दे पर भाजपा सांसद शशांक मणि त्रिपाठी ने विपक्ष पर संसद का समय बर्बाद करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि यदि विपक्ष के पास कोई मुद्दा है तो उसे सदन में बहस के माध्यम से रखा जाना चाहिए। उनके अनुसार, छात्रों के भविष्य और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े विषयों पर सार्थक चर्चा होना आवश्यक है।

भाजपा सांसद शांतनु ठाकुर ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि राष्ट्रहित में लिए जा रहे फैसले महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि जो लोग देशहित के कार्यों को समझते हैं, उन्हें स्वाभाविक रूप से ऐसे प्रयासों का समर्थन करना चाहिए।

--आईएएनएस

एसएके/पीएम