लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर कर रही भाजपा, विपक्ष हर स्तर पर करेगा संघर्ष: तेजस्वी यादव
नई दिल्ली, 30 सितंबर (आईएएनएस)। इंडी गठबंधन की बैठक के बाद राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता और बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने लोकतंत्र, चुनाव प्रक्रिया और बिहार की कानून व्यवस्था को लेकर केंद्र और राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विपक्षी दल लोकतंत्र की रक्षा के लिए एकजुट हुए हैं और इसके लिए हर स्तर पर संघर्ष किया जाएगा।
राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता और बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा कि विपक्ष संसद, सड़क और अदालत, हर मंच पर लोकतंत्र की रक्षा के लिए लड़ाई जारी रखेगा।
उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने का आरोप लगाते हुए कहा कि लोकतंत्र को बचाने के लिए विपक्ष को एकजुट होकर काम करना होगा।
चुनाव प्रक्रिया को लेकर तेजस्वी यादव ने गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि हाल के चुनावों में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं हुई हैं और इसी मुद्दे पर इंडी गठबंधन की बैठक में चर्चा हुई। उन्होंने चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर भी सवाल उठाए। तेजस्वी ने आरोप लगाया कि उन्हें बचाने के लिए कानून में बदलाव किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि पहले चुनाव आयोग में मुख्य न्यायाधीश की भूमिका थी, जिसे चयन प्रक्रिया से हटा दिया गया। इसके अलावा, उन्होंने आरोप लगाया कि मतदान से संबंधित रिकॉर्ड सुरक्षित रखने की अवधि को एक साल से घटाकर 45 दिन कर दिया गया, ताकि कथित अनियमितताओं के सबूत उपलब्ध न रहें।
तेजस्वी यादव ने बिहार में लागू विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया का भी विरोध किया। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया का प्रयोग पहले बिहार में किया गया और बाद में इसे देश के अन्य हिस्सों में लागू किया गया। उन्होंने बिहार और पश्चिम बंगाल में दोबारा चुनाव कराने की मांग भी दोहराई।
उन्होंने मतदान के आंकड़ों को लेकर भी चुनाव आयोग पर सवाल उठाए। तेजस्वी ने कहा कि पहले मतदान के दिन ही शाम तक कुल मतदान प्रतिशत और पुरुषों तथा महिलाओं के मतदान से जुड़े आंकड़े सामने आ जाते थे, जबकि अब आंकड़ों में बाद में बदलाव दिखाई देता है। उन्होंने इसे चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता से जुड़ा गंभीर सवाल बताया।
बिहार की कानून व्यवस्था पर तेजस्वी यादव ने कहा कि राज्य में अपराधियों का दबदबा बढ़ गया है और कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब है। उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई। साथ ही उन्होंने दावा किया कि यदि भाजपा सत्ता में बनी रही तो बिहार में बेरोजगारी, महंगाई और अपराध की समस्याएं जारी रहेंगी।
उन्होंने कहा कि किसी एक अधिकारी के हटने से समस्या समाप्त नहीं होगी और लोकतंत्र तथा संविधान की रक्षा के लिए जनता को आगे आना होगा।
--आईएएनएस
एसएके/डीकेपी
