Aapka Rajasthan

भाजपा के लिए राष्ट्रहित सर्वोपरि: आदित्य साहू

रांची, 6 अप्रैल (आईएएनएस)। रांची सहित झारखंड के विभिन्न जिलों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के 47वें स्थापना दिवस पर सोमवार को कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। राज्यभर में नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने घरों एवं पार्टी कार्यालयों पर ध्वजारोहण किया।
 
भाजपा के लिए राष्ट्रहित सर्वोपरि: आदित्य साहू

रांची, 6 अप्रैल (आईएएनएस)। रांची सहित झारखंड के विभिन्न जिलों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के 47वें स्थापना दिवस पर सोमवार को कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। राज्यभर में नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने घरों एवं पार्टी कार्यालयों पर ध्वजारोहण किया।

रांची स्थित पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में आयोजित मुख्य कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि भाजपा एक कार्यकर्ता और विचारधारा-आधारित पार्टी है, जो आज जिस मुकाम पर पहुंची है, वह करोड़ों कार्यकर्ताओं की तपस्या और मेहनत का परिणाम है। उन्होंने कहा कि 1984 में जब पार्टी को केवल दो सीटें मिली थीं, तब कांग्रेस उसका मजाक उड़ा रही थी, लेकिन आज हालात ऐसे हैं कि कांग्रेस की स्थिति पर दुनिया हंस रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस स्वार्थ की राजनीति करती रही है, जबकि भाजपा राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानकर आगे बढ़ी है। आदित्य साहू ने कहा कि 1951 से लेकर अब तक जनसंघ और भाजपा की यात्रा निरंतर संघर्ष और समर्पण की रही है। अटल बिहारी वाजपेयी से लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व तक ‘अंत्योदय’ के संकल्प को साकार करने की दिशा में पार्टी आगे बढ़ी है और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य की ओर अग्रसर है।

कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि भाजपा देश और समाज के लिए राजनीति करती है। उन्होंने कहा कि जनसंघ से लेकर भाजपा तक की यात्रा प्रेरणादायक रही है और समर्पित कार्यकर्ताओं की बदौलत ही पार्टी इस मुकाम तक पहुंची है। उन्होंने अटल बिहारी वाजपेयी सरकार के परमाणु परीक्षण और नरेंद्र मोदी सरकार के कार्यकाल में राम मंदिर निर्माण, धारा 370 हटाने जैसे फैसलों का उल्लेख करते हुए कहा कि ये सब देशहित में लिए गए ऐतिहासिक कदम हैं।

संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि श्यामा प्रसाद मुखर्जी और दीनदयाल उपाध्याय द्वारा शुरू किए गए जनसंघ से लेकर आज की भाजपा तक की यात्रा संगठन की शक्ति का उदाहरण है। कार्यक्रम की शुरुआत पंडित दीनदयाल उपाध्याय और श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण तथा ‘वंदे मातरम्’ के गायन से हुई। इस अवसर पर मंचासीन नेताओं को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश मीडिया सह-प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह ने किया।

इस मौके पर पूर्व प्रदेश अध्यक्ष यदुनाथ पांडेय, वरिष्ठ नेता सूर्यमणि सिंह, मधु साहू समेत कई नेताओं ने भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष, मंत्री, प्रवक्ता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। स्थापना दिवस के अवसर पर राज्यभर में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने घरों और कार्यालयों पर पार्टी का ध्वज फहराया।

प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने अपने कुच्चू स्थित आवास पर, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने अपने आवास पर और क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्र नाथ त्रिपाठी ने देवघर जिला कार्यालय में ध्वजारोहण किया। वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने जमशेदपुर, अर्जुन मुंडा ने घोड़ाबांधा (जमशेदपुर) और मधु कोड़ा ने चाईबासा स्थित अपने आवास पर पार्टी का झंडा फहराया।

--आईएएनएस

एसएनसी/डीएससी