Aapka Rajasthan

भाजपा के गढ़ बांकीपुर में पूरी ताकत से चुनाव लड़ेगा जन सुराज: प्रशांत किशोर

पटना, 27 मई (आईएएनएस)। जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव, विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और बिहार की राजनीति को लेकर कई महत्वपूर्ण बयान दिए। उन्होंने कहा कि जन सुराज बांकीपुर सीट पर पूरी ताकत के साथ चुनाव लड़ेगा और भारतीय जनता पार्टी को कड़ी चुनौती देगा।
 
भाजपा के गढ़ बांकीपुर में पूरी ताकत से चुनाव लड़ेगा जन सुराज: प्रशांत किशोर

पटना, 27 मई (आईएएनएस)। जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव, विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और बिहार की राजनीति को लेकर कई महत्वपूर्ण बयान दिए। उन्होंने कहा कि जन सुराज बांकीपुर सीट पर पूरी ताकत के साथ चुनाव लड़ेगा और भारतीय जनता पार्टी को कड़ी चुनौती देगा।

प्रशांत किशोर ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "बांकीपुर पिछले करीब 40 वर्षों से भाजपा का मजबूत गढ़ माना जाता रहा है, और वर्तमान में यह भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की सीट भी है। जन सुराज ने तय किया है कि वह इस सीट पर पूरी मजबूती से चुनाव मैदान में उतरेगा।"

उन्होंने कहा, “हम यह दिखाना चाहते हैं कि अगर बिहार में कोई भाजपा को हरा सकता है, तो वह जन सुराज है। पार्टी अगले महीने से जनसंपर्क अभियान को और तेज करेगी। कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों से संवाद करेंगे और भाजपा को हराने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।”

प्रशांत किशोर ने कहा कि इस चुनाव में उम्मीदवार कौन होगा, यह सबसे बड़ा मुद्दा नहीं है। उनके अनुसार, महत्वपूर्ण बात यह है कि जनता के बीच जाकर उनके मुद्दों को समझा जाए और एक मजबूत राजनीतिक विकल्प प्रस्तुत किया जाए।

वहीं, विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले को लेकर भी उन्होंने अपनी प्रतिक्रिया दी। अभी तक पूरा फैसला नहीं देखा है, लेकिन समाज का एक बड़ा वर्ग इन फैसलों को पूरी तरह पारदर्शी नहीं मानता।

उन्होंने कहा, “इन मामलों में सुप्रीम कोर्ट और चुनाव आयोग के फैसलों का पालन करना आवश्यक होता है, लेकिन लोगों के बीच यह धारणा बन रही है कि कुछ फैसले सत्ताधारी दल के पक्ष में दिखाई देते हैं।”

बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को लेकर भी प्रशांत किशोर ने टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि राजनीतिक जीवन में गलत लोगों के साथ जुड़ने का परिणाम हमेशा नुकसानदायक होता है। उनके अनुसार, जब नीतीश कुमार ने राजनीतिक रूप से कमजोरी दिखाई, तब उनके करीबी लोगों ने भी उनका साथ छोड़ दिया।

उन्होंने दावा किया कि बिहार की राजनीति में अब बदलाव की जरूरत महसूस की जा रही है और जन सुराज उसी बदलाव का विकल्प बनकर उभरना चाहता है। उन्होंने कहा कि पार्टी का उद्देश्य केवल चुनाव लड़ना नहीं, बल्कि बिहार की राजनीति में नई सोच और नई कार्यशैली को स्थापित करना है।

--आईएएनएस

एसएके/डीकेपी