Aapka Rajasthan

भाजपा के आगमन के बाद अवैध प्रवासियों की संख्या में तेजी से आई गिरावट: किरेन रिजिजू

अजमेर, 22 दिसंबर (आईएएनएस)। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने दावा किया कि भाजपा के आगमन के बाद पूर्वोत्तर भारत में अवैध प्रवासियों की संख्या में तेजी से कमी आई है।
 
भाजपा के आगमन के बाद अवैध प्रवासियों की संख्या में तेजी से आई गिरावट: किरेन रिजिजू

अजमेर, 22 दिसंबर (आईएएनएस)। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने दावा किया कि भाजपा के आगमन के बाद पूर्वोत्तर भारत में अवैध प्रवासियों की संख्या में तेजी से कमी आई है।

उन्होंने सोमवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि हमारी सरकार लगातार ऐसे लोगों को चिह्नित करने में जुटी है जो यहां पर अवैध तरीके से रह रहे हैं। हम अपने देश में किसी भी ऐसे व्यक्ति को स्वीकार नहीं कर सकते हैं जो यहां पर गलत तरीके से रह रहे हैं।

उन्होंने कांग्रेस पर घुसपैठियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया और कहा कि कांग्रेस ने राजनीतिक लाभ अर्जित करने के लिए घुसपैठियों को देश में पनाह दी है, जिसे अब मौजूदा समय में किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता है। कांग्रेस ने खुद भारत में अवैध रूप से रह रहे लोगों के दस्तावेज बनाए और उनका नाम मतदाता सूची में भी दर्ज कराया। अब भाजपा की सरकार आने के बाद भारत में अवैध रूप से रह रहे लोगों को चिह्नित करने के लिए मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। यह प्रक्रिया ऐसे ही लोगों के लिए है, जो यहां पर अवैध तरीके से रह रहे हैं।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह कहने में कोई हिचक नहीं होनी चाहिए कि देश में घुसपैठियों के माय बाप अगर कोई है तो वो कांग्रेस है। कांग्रेस ने ही ऐसे लोगों को संरक्षण देने का काम किया है, लेकिन चुनाव आयोग की ओर से एसआईआर की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, जिसके तहत ऐसे लोगों की पहचान हो रही है।

उन्होंने कहा कि यह हमारा कर्तव्य बनता है कि भारत में रह रहे किसी भी नागरिक के हितों पर कोई कुठाराघात न पहुंचे। उनके हितों के साथ किसी भी प्रकार का समझौता न हो। इस दिशा में हमारी सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। इन्हीं सब स्थितियों को ध्यान में रखते हुए हम अपने देश में दूसरे देश के किसी भी नागरिक को अपने यहां स्वीकार नहीं कर सकते हैं।

--आईएएनएस

एसएचके/डीकेपी